Breaking News

बदायूं: राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में धूमधाम से मना तृतीय कॉलेज दिवस, मेधावी छात्रा मिताली गर्ग को मिला गोल्ड मेडल।

राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में धूमधाम से मना तृतीय कॉलेज दिवस, मेधावी छात्रा मिताली गर्ग को मिला गोल्ड मेडल।

बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में शनिवार को तृतीय कॉलेज दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, चिकित्सा सेवाओं और भविष्य की योजनाओं को रेखांकित किया गया। समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले संकाय सदस्यों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि केएम विश्वविद्यालय, मथुरा के कुलपति एवं पूर्व प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) एनसी प्रजापति रहे। इस दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) शिव कुमार, उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।

प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) शिव कुमार ने संस्थान की स्थापना से अब तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कम समय में मेडिकल कॉलेज ने शिक्षा, चिकित्सा सेवा और शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने संस्थान की आगामी योजनाओं, नए सुपर स्पेशियलिटी विभागों और छात्र हित से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। इस दौरान कॉलेज डायरी का विमोचन किया गया।

समारोह में शैक्षणिक सत्र के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कुल 19 प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए, जिनमें 18 सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर और एक सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट शामिल रहा। इसके साथ ही एक स्वर्ण पदक भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “एनसी प्रजापति गोल्ड मेडल अवार्ड” रहा। एमबीबीएस की सभी प्रोफेशनल परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाली वर्ष 2021 बैच की छात्रा मिताली गर्ग को यह सम्मान प्रदान किया गया। मिताली के नाम की घोषणा होते ही सभागार तालियों से गूंज उठा। इस उपलब्धि को छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणादायक बताया गया।

मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) एनसी प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सा क्षेत्र केवल पेशा नहीं बल्कि सेवा का माध्यम है। चिकित्सकों के लिए संवेदनशीलता, समर्पण और निरंतर सीखते रहने की भावना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संस्थान को अपना परिवार बताया।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले संकाय सदस्यों को भी प्रशस्ति प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह के नेतृत्व में आयोजन समिति के सदस्यों डॉ. मुकत्याज हुसैन, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. इशा सिंघल, डॉ. सुचेता यादव, डॉ. नितेश पति तिवारी, डॉ. लालेन्द्र यादव, डॉ. अमित कुमार, डॉ. पारुल और डॉ. निगार फातिमा के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण डॉ. नेहा सिंह ने दिया। मंच संचालन डॉ. इतिशा चौधरी और डॉ. विनीत ने किया, जबकि पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया डॉ. रश्मि सिंह, विभागाध्यक्ष फार्माकोलॉजी और डॉ. पारुल सक्सेना, सहायक आचार्य एनाटॉमी ने संभाली। समापन पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार ने अतिथियों, प्रधानाचार्य, चिकित्सकों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में डॉ. एसके मिश्रा, डॉ. रितुज अग्रवाल, डॉ. अमित कुमार, डॉ. वशिष्ठ मिश्रा, डॉ. अभिषेक शर्मा, डॉ. अमृता वाजपेयी, डॉ. श्रवण कुमार भार्गव, डॉ. शिवम कामठान, डॉ. पुनीत कुमार, डॉ. अर्जित गंगवार, डॉ. नेहा सिंह डेंटिस्टरी, डॉ. अभिलाष यादव, डॉ. आजाद कुमार, डॉ. वैशाली सिंह, डॉ. ऋचा जैन, डॉ. श्वेता कनौजिया सहित अन्य अधिकारी, वरिष्ठ रेजीडेंट, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे। समारोह ने संस्थान की उपलब्धियों और विद्यार्थियों की प्रतिभा को एक मंच पर प्रस्तुत करते हुए कॉलेज दिवस को यादगार बना दिया।

 

 

Spread the love

Check Also

बिल्सी पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी के वाहन काटकर बेचने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़, गोदाम से भारी मात्रा में सामान बरामद।

बिल्सी पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी के वाहन काटकर बेचने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़, …