Breaking News

बरेली: गन्ना भुगतान में देरी से भड़के किसान, 145 करोड़ बकाया पर भाकियू का धरना समाप्त, आंदोलन की चेतावनी।

गन्ना भुगतान में देरी से भड़के किसान, 145 करोड़ बकाया पर भाकियू का धरना समाप्त, आंदोलन की चेतावनी।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। बहेड़ी केसर चीनी मिल द्वारा लंबे समय से गन्ना मूल्य भुगतान न किए जाने से नाराज़ किसानों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में बहेड़ी गन्ना समिति परिसर में चल रहा धरना मंगलवार को समाप्त कर दिया गया, लेकिन किसानों ने इसे अंतिम चेतावनी बताते हुए बड़े आंदोलन का ऐलान किया है।

किसानों ने तहसीलदार बहेड़ी और जिला गन्ना अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि पिछले पेराई सत्र का करीब 145 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य अब तक बकाया है। बार-बार आश्वासन और आंदोलनों के बावजूद मिल प्रबंधन द्वारा भुगतान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि नवंबर माह में हुए आंदोलन के बाद मिल प्रबंधन ने 31 दिसंबर तक बकाया भुगतान और चालू पेराई सत्र में प्रत्येक पांच दिन पर भुगतान करने का लिखित भरोसा दिया था, लेकिन यह आश्वासन जमीन पर नहीं उतर सका। भुगतान न मिलने से किसान कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।

किसानों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित नहीं कराया गया, तो भारतीय किसान यूनियन अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेदारी चीनी मिल प्रबंधन और प्रशासन की होगी।

ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी उठाया। इनमें केसर रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाला जाम, आवारा पशुओं से हो रही परेशानी, उचित दर पर खाद की उपलब्धता, जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरण, गन्ना मिल में ओवरलोडिंग पर रोक तथा ग्रामीण सड़कों के निर्माण की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।

तहसीलदार बहेड़ी और जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और समाधान के प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया, हालांकि उनके तेवर यह संकेत दे रहे हैं कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!