Breaking News

बरेली: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का विपक्ष पर तीखा हमला, जंतर-मंतर के हंगामे को बताया ‘राजनीतिक साजिश

बरेली: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का विपक्ष पर तीखा हमला, जंतर-मंतर के हंगामे को बताया ‘राजनीतिक साजिश’

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने एक दिवसीय बरेली दौरे के दौरान प्रशासनिक विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ-साथ विपक्षी दलों पर पूरी तरह हमलावर नजर आए। कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं की मैराथन समीक्षा करने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए उपमुख्यमंत्री ने हाल ही में जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम को लेकर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर करारा प्रहार किया। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को एक “सुनियोजित राजनीतिक साजिश” करार दिया।

मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि छात्रों के नाम पर चल रहे आंदोलन की आड़ में विपक्षी दलों के चुनिंदा कार्यकर्ताओं और कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर घुसपैठ की, जिनका मुख्य उद्देश्य केवल और केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना था। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश सरकार ने किसी भी निर्दोष छात्र या व्यक्ति के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की है, बल्कि कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने और माहौल बिगाड़ने वालों पर ही नियमानुसार सख्त कानूनी शिकंजा कसा गया है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि जिन छिटपुट मामलों में पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आईं, उनमें सरकार ने फौरन संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की है। ऐसी स्थिति में इस्तीफे की मांग का कोई तुक या औचित्य नहीं बनता।

वहीं, वर्ष 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वे “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” देख रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता जातिवाद और परिवारवाद से ऊपर उठकर केवल विकास, सुरक्षा और सुशासन के नाम पर एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएगी। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि वे राज्य में हो रहे चहुंमुखी विकास कार्यों से पूरी तरह असहज महसूस कर रहे हैं और केवल हताशा व निराशा की राजनीति कर रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के चल रहे बूथ सम्मेलन अभियान का हवाला देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का सांगठनिक ढांचा इस बात पर विश्वास करता है कि पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र ‘बूथ’ है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्षों का सम्मान इसलिए सर्वोपरि है क्योंकि चुनाव की असली और मजबूत नींव यहीं से तैयार होती है।

इससे पहले कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से लेकर अब तक उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित 37 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, उनके बजट आवंटन, खर्च और धरातल पर पहुंचे लाभ की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि शासन की हर योजना का लाभ अंतिम पायदान पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों और विकास योजनाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Spread the love

Check Also

बहेड़ी: जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में छात्रों ने खोला मोर्चा, गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से शुरू हुआ हस्ताक्षर अभियान।

बहेड़ी: जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में छात्रों ने खोला मोर्चा, गन्ना उत्पादक …

error: Content is protected !!