Breaking News

शाहजहांपुर में सपा का जोरदार प्रदर्शन: जौहर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण आदेश और छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन।

शाहजहांपुर में सपा का जोरदार प्रदर्शन: जौहर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण आदेश और छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को गिराने के आदेश के विरोध में समाजवादी पार्टी का आक्रोश फूट पड़ा। बुधवार को पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान के नेतृत्व में सपाइयों ने कलेक्ट्रेट परिसर तक विरोध मार्च निकाला और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत पांडे के माध्यम से सौंपा गया।

बुधवार को तय कार्यक्रम के तहत सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र और युवा नेता खिरनीबाग स्थित जीआईसी मैदान के पास इकट्ठा हुए। यहां से सभी ने सरकार विरोधी नारों के साथ जुलूस की शक्ल में आगे बढ़ते हुए जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया।

सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने प्रदर्शन के दौरान हुंकार भरते हुए कहा कि मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 38 भवनों के ध्वस्तीकरण का फैसला सीधे तौर पर हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य और उनकी उच्च शिक्षा से जुड़ा हुआ गंभीर मामला है। किसी भी परिस्थिति में विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को दरकिनार नहीं किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक प्रकरणों पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि इससे युवाओं का करियर अधर में लटक गया है। जंतर-मंतर पर शांतिपूर्वक अपनी बात रख रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज पूरी तरह अलोकतांत्रिक है, जिसकी उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाना हर नागरिक का संवैधानिक हक है।

पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिसिया लाठियों के बल पर छात्र-छात्राओं की जायज आवाज को कुचला नहीं जा सकता। समाजवादी पार्टी हमेशा से न्याय, शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की बहाली के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी छात्रों के साथ चट्टान की तरह खड़ी रहेगी। पूर्व एमएलसी अमित यादव उर्फ रिंकू ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय समाज के हर वर्ग के बच्चों को शिक्षा मुहैया कराने का एक बड़ा केंद्र है, जिसे इस तरह निशाना बनाना शिक्षा के हित में नहीं है। वहीं, पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी नौजवानों और छात्र-छात्राओं का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न सहन नहीं करेगी।

इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ज्योत्सना कश्यप, महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव गायत्री वर्मा, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनवर उल्ला खान, नगर विधानसभा अध्यक्ष अतिउल्लाह सिद्दीकी, प्रदेश सचिव रामसूरत यादव, विजय सिंह, सैयद रिजवान अहमद, विशेष आमंत्रित सदस्य नीरज मिश्रा, महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल और जिला अध्यक्ष प्रतिनिधि शाहनवाज सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और युवा समर्थक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर: जलालाबाद पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, भगवान परशुराम मंदिर में पूजा-अर्चना कर किया बड़ा ऐलान—अब ‘परशुरामपुरी’ के नाम से जाना जाएगा जलालाबाद।

शाहजहांपुर: जलालाबाद पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, भगवान परशुराम मंदिर में पूजा-अर्चना कर किया बड़ा …

error: Content is protected !!