Breaking News

बरेली: पुलिस की साइबर टीम का बड़ा कारनामा, 93 लाख के 466 गुम मोबाइल खोजकर मालिकों को सौंपे।

बरेली: पुलिस की साइबर टीम का बड़ा कारनामा, 93 लाख के 466 गुम मोबाइल खोजकर मालिकों को सौंपे।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली: खोए हुए मोबाइल फोन की तलाश में जुटी बरेली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जनपद की सर्विलांस सेल और साइबर टीमों ने विशेष अभियान चलाकर जून माह के दौरान गुम हुए 466 मोबाइल बरामद किए हैं। सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित एक कार्यक्रम में एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने इन सभी मोबाइलों को उनके असली मालिकों के सुपुर्द किया। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल कीमत करीब 93 लाख रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और आधुनिक ट्रैकिंग तकनीक का सहारा लिया। पुलिस की साइबर टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर इन मोबाइलों को अलग-अलग स्थानों से ट्रेस किया। अपना कीमती फोन वापस पाकर फरियादियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

इस सफलता में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभिन्न थाना साइबर टीमों और पुलिसकर्मियों की सराहना की गई। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया, ताकि पुलिस बल का मनोबल बढ़ सके और वे इसी प्रकार जनहित के कार्यों में तत्परता दिखाएं।

पुलिस विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, यह अभियान काफी प्रभावी रहा है। जनवरी 2025 से जून 2026 तक की अवधि में बरेली पुलिस ने कुल 5,725 मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 11.43 करोड़ रुपये है। यह आंकड़ा जिले में पुलिसिंग और तकनीकी निगरानी की मजबूती को दर्शाता है।

कार्यक्रम के दौरान एसपी ट्रैफिक ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में घबराएं नहीं। उन्होंने अपील की कि घटना के तुरंत बाद संबंधित थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर अपना मोबाइल ब्लॉक कराएं। इससे न केवल मोबाइल का दुरुपयोग रुकता है, बल्कि पुलिस द्वारा उसकी बरामदगी की संभावना भी कई गुना बढ़ जाती है।

बाइट- एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!