Breaking News

बरेली: बिशारतगंज में संदिग्ध मौत से सनसनी, जहूर अंसारी के घर पर फांसी पर लटकी मिली सीता, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार।

बिशारतगंज में संदिग्ध मौत से सनसनी, जहूर अंसारी के घर पर फांसी पर लटकी मिली सीता, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। थाना बिशारतगंज क्षेत्र के गांव परा वहाउद्दीन नगर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जहूर अंसारी उर्फ नन्हे के घर में उसकी पत्नी सीता (37) का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने इसे हत्या बताते हुए दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पति जहूर अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतका के पिता मुकेश ने बताया कि उनकी बेटी सीता मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले की पुष्प वाटिका कॉलोनी की निवासी थी। यह सीता की दूसरी शादी थी। करीब एक वर्ष पूर्व इटावा जेल में टंकी निर्माण कार्य के दौरान उसकी मुलाकात बरेली के परा वहाउद्दीन नगर निवासी जहूर अंसारी उर्फ नन्हे से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद सीता अपने तीन बच्चों को लेकर जहूर के साथ गांव में रहने लगी थी। जेल से रिहा होने के बाद दोनों ने विवाह कर लिया।

परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही जहूर सीता के साथ अक्सर झगड़ा करता था और मारपीट भी करता था। पिता मुकेश का कहना है कि बुधवार को जहूर ने उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

वहीं पुलिस को दिए गए बयान में जहूर अंसारी ने बताया कि वह बुधवार को कासगंज के सेमरा मोची गांव में टंकी निर्माण कार्य कर रहा था। दिन में सीता ने कई बार फोन किया, लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण वह बात नहीं कर सका। इसी बात से नाराज होकर सीता ने फोन पर कहा था कि वह उसे जिंदा नहीं मिलेगी। शाम को जब वह घर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।

दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर सीता छत के कुंडे से फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। नीचे उतारने पर उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना ग्राम प्रधान वीरेंद्र शाक्य ने थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी सतीश कुमार और सीओ आंवला नितिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके वालों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पति जहूर अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद रामगंगा घाट पर सीता का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार किया गया।

पुलिस का कहना है कि मामला पूरी तरह से जांच के अधीन है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

फाइल फोटो 

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!