Breaking News

बलरामपुर: शादी का भरोसा देकर महिला से शोषण व ठगी का आरोप, एसपी से शिकायत कर एफआईआर की मांग।

शादी का भरोसा देकर महिला से शोषण व ठगी का आरोप, एसपी से शिकायत कर एफआईआर की मांग।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। जनपद के उतरौला क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां महाराष्ट्र निवासी एक महिला ने स्थानीय युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2024 में उसकी पहचान उतरौला निवासी एक युवक से हुई थी। इसके बाद फरवरी 2025 से दोनों के बीच मोबाइल के माध्यम से बातचीत शुरू हुई। महिला का आरोप है कि अगस्त 2025 में जब वह उतरौला पहुंची तो आरोपी ने उसे एक गेस्ट हाउस में ठहराया, जहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

महिला का कहना है कि इसके बाद अयोध्या, मुंबई और पुणे के विभिन्न होटलों में भी आरोपी ने निकाह का आश्वासन देकर कई बार उसका शोषण किया। आरोप है कि आरोपी ने खुद को उतरौला में बड़ी संपत्ति और जमीन का मालिक बताते हुए भविष्य में साथ रहने का वादा किया।

पीड़िता के मुताबिक इसी भरोसे में आकर उसने नकद, बैंक ट्रांसफर और सोने के आभूषण गिरवी रखकर लगभग साढ़े चार से पांच लाख रुपये आरोपी, उसके परिजनों और सहयोगियों को दिए। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी के विदेश जाने का हवाई किराया भी उसी ने वहन किया।

आरोप है कि आरोपी के विदेश से लौटने के बाद न तो निकाह किया गया और न ही दी गई रकम वापस की गई। जब महिला ने अपने पैसे और न्याय की मांग की तो उसे फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी गईं। इससे वह भय और मानसिक तनाव में जीवन व्यतीत कर रही है।

पीड़िता ने कोतवाली उतरौला में तहरीर देकर आरोपी व उसके सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Byte – पीड़िता

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!