Breaking News

बहेड़ी: पत्नी की मौत के बाद मानसिक तनाव: बहेड़ी में युवक ने फांसी लगाकर दी जान।

पत्नी की मौत के बाद मानसिक तनाव: बहेड़ी में युवक ने फांसी लगाकर दी जान।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली: थाना बहेड़ी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिमरा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां करीब 30 वर्षीय युवक ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी की मौत के बाद से गहरे मानसिक तनाव में चल रहा था। इस अचानक हुई घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिमरा निवासी इकबाल अहमद पुत्र इजराइल अहमद बुधवार को अपने घर के एक कमरे में गया था। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो इकबाल का शव पंखे के कुंडे से लटका हुआ मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत ग्राम प्रधान को अवगत कराया गया, जिन्होंने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया और शव को फंदे से नीचे उतरवाया।

पुलिस ने प्राथमिक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व इकबाल की पत्नी की जलने से दर्दनाक मौत हो गई थी। पत्नी की असामयिक मृत्यु के बाद से ही इकबाल मानसिक रूप से काफी परेशान और तनावग्रस्त रहने लगा था। पुलिस ने इस मामले में आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसी आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों पर अधिकारियों ने किया मंथन।

12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों पर अधिकारियों ने किया मंथन। बदायूं। जनपद …