Breaking News

बदायूं: विजिलेंस टीम पर अवैध उगाही का आरोप, पूछताछ करने पर मीडिया कर्मी और ग्राम प्रधान से अभद्रता।

बदायूं: विजिलेंस टीम पर अवैध उगाही का आरोप, पूछताछ करने पर मीडिया कर्मी और ग्राम प्रधान से अभद्रता।

संवाददाता, शैलेन्द्र सिंह 

बदायूं। जनपद के थाना सिविल लाइन्स क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम दहेमी में विद्युत विजिलेंस टीम की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार सुबह लगभग 7:00 बजे विजिलेंस टीम के जेई हरीश कुमार और सलारपुर के जेई अशोक कुमार के नेतृत्व में चली चेकिंग मुहिम पर ग्रामीणों ने अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वैध कनेक्शन होने के बावजूद भी टीम द्वारा उपभोक्ताओं को बेवजह परेशान किया जा रहा है और डरा-धमकाकर कार्यालय बुलाया जा रहा है।

घटना के दौरान जब स्थानीय मीडिया कर्मी और ग्राम प्रधान डॉ. प्रशांत राठौर ने सुबह के वक्त बिना अनुमति घरों में घुसने और चेकिंग के नाम पर हो रही कथित उगाही के संबंध में जानकारी लेनी चाही, तो विजिलेंस टीम के जेई हरीश कुमार आपा खो बैठे। आरोप है कि जेई ने मीडिया कर्मी के साथ न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि दखल देने पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दे डाली। ग्राम प्रधान ने बताया कि सुबह के समय घरों में महिलाएं और बच्चे स्नान व पूजा-पाठ में व्यस्त होते हैं, ऐसे में बिना सूचना और बिना अनुमति घर में घुसना निजता और मर्यादा का उल्लंघन है।

इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष केपीएस राठौर ने विजिलेंस टीम के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि सुबह 7 बजे का समय चेकिंग के लिए अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीम छोटे-मोटे तकनीकी दोषों का वीडियो बनाकर किसानों को कार्यालय बुलाती है और वहां 10 से 15 हजार रुपये की अवैध वसूली कर उन्हें छोड़ा जाता है। जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों और ग्रामीणों के प्रति विद्युत विभाग का यही दमनकारी रवैया रहा, तो किसान यूनियन मालवीय आवास पर उग्र आंदोलन के लिए विवश होगी।

इस दौरान योगेश पटेल, संतोष पटेल, विजेंद्र पटेल और शांति शर्मा सहित दर्जनों ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष प्रकट किया। मामले की सच्चाई जानने के लिए जब विजिलेंस जेई हरीश कुमार से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन उठाना उचित नहीं समझा। शासन-प्रशासन से अब इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!