Breaking News

संचारी रोगों पर वार: जिले में ‘संचारी रोग नियंत्रण’ और ‘संभव अभियान 6.0’ का आगाज, डीएम ने दिखाई हरी झंडी।

संचारी रोगों पर वार: जिले में ‘संचारी रोग नियंत्रण’ और ‘संभव अभियान 6.0’ का आगाज, डीएम ने दिखाई हरी झंडी।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी: संचारी रोगों (कम्युनिकेबल डिजीज) के प्रसार को रोकने और जनस्वास्थ्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिले में बुधवार को ‘संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान जागरूकता रैली और वेक्टर कंट्रोल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

जिलाधिकारी ने अभियान को संबोधित करते हुए कहा कि संचारी रोगों और विशेषकर दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण और मरीजों का त्वरित उपचार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम को अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति संवेदनशीलता ही सुरक्षित समाज की नींव है।

सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने कहा कि यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एक बड़ी लड़ाई है। उन्होंने बताया कि आगामी 11 जुलाई से 31 जुलाई तक ‘दस्तक अभियान’ चलाया जाएगा, जिसमें आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर संचारी रोगों के लक्षणयुक्त मरीजों की पहचान करेंगी और उन्हें उपचार के लिए प्रेरित करेंगी। वहीं, डीपीओ (आईसीडीएस) भारत प्रसाद ने ‘संभव अभियान 6.0’ की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।

स्वास्थ्य विभाग ने संचारी रोगों से बचाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5145 जारी किया है। किसी भी प्रकार के बुखार या स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर आमजन इस नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान शहर में एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, एएनएम और स्वच्छता दूत शामिल हुए। रैली ने विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोगों को स्वच्छता और संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर डीपीआरओ विशाल सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार, सहायक जिला मलेरिया अधिकारी दावा लामा और डीपीएम अनिल यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!