Breaking News

नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा में तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज़।

नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा में तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज़।

घूरेलाल कन्नौजिया, ब्यूरो चीफ चन्दौली 

चंदौली। आदर्श नगर पंचायत स्थित नेशनल इंटर कॉलेज, सैयदराजा का प्रांगण सोमवार को खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों से खचाखच भर गया। यहां प्रदेश स्तरीय विद्यालयी तीरंदाजी प्रतियोगिता की शुरुआत उत्साह और जोश के साथ हुई। तीन दिवसीय इस आयोजन में प्रदेश के 17 मंडलों की टीमें प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

शुभारंभ समारोह में मंच पर न्यायपालिका, राजनीति और शिक्षा जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। अपर जिला जज एवं विद्यालय के पूर्व छात्र बृजेन्द्र कुमार राय, विधायक सैयदराजा सुशील सिंह, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के सहायक निदेशक एवं पूर्व छात्र डॉ. आकिब अली, संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह और डीआईओएस देवेन्द्र कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

अपर जिला जज बृजेन्द्र कुमार राय ने कहा कि तीरंदाजी केवल खेल नहीं, बल्कि अनुशासन और एकाग्रता का प्रतीक है। विधायक सुशील सिंह ने कहा कि चंदौली की धरती वीरों और खिलाड़ियों की रही है, और यहाँ से निकलने वाले खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे। डॉ. आकिब अली ने विद्यालय से जुड़ी अपनी स्मृतियाँ साझा करते हुए कहा कि शिक्षा और खेल का संतुलन जीवन को नई ऊँचाइयाँ देता है।

संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना सिखाते हैं। वहीं डीआईओएस देवेंद्र कुमार सिंह ने विद्यालय की खेल परंपरा की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रतियोगिता से नई प्रतिभाएँ सामने आएँगी।

प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने अपने निशाने से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। तीर के लक्ष्य पर लगते ही मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अतिथियों ने खिलाड़ियों से कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है, क्योंकि यही गुण उन्हें जीवन में ऊँचाइयों तक ले जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन रजनीश राय और भारत भूषण सिंह ने संयुक्त रूप से किया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल सिंह ने सभी अतिथियों व आगंतुकों का आभार जताया। मौके पर पंकज सिंह, मंगला सिंह, मारकण्डेय पाल, शशिकांत राय, मदन सिंह, शशांक पांडेय, बेचूराम, सतीश सिंह, गंगाधर पांडेय, मधुलिका और नमिता शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!