Breaking News

मुगलसराय में अवैध मीट व मुर्गा दुकानों पर कार्रवाई, बिना लाइसेंस मिली सभी दुकानें सील।

मुगलसराय में अवैध मीट व मुर्गा दुकानों पर कार्रवाई, बिना लाइसेंस मिली सभी दुकानें सील।

शैलेश सिंह, संवाददाता

चंदौली। मुगलसराय नगर में बिना लाइसेंस संचालित मीट, मुर्गा एवं मछली की दुकानों के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की शिकायत, समाचार पत्र में प्रकाशित रिपोर्ट और IGRS पर प्राप्त प्रकरण के निस्तारण के क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग, पुलिस व नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कई बाजार क्षेत्रों में अभियान चलाया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत जिन दुकानों को बिना लाइसेंस संचालित पाया गया, उन्हें मौके पर ही बंद करा दिया गया। टीम ने दुकानों के बाहर लगे अवैध ढांचे, जाली, खोखे और औजारों को सील करते हुए नगर पालिका की सुपुर्दगी में सौंप दिया।

अभियान के दौरान हैदरी अली मीट शॉप, मोहम्मद इमरान मीट शॉप, इरफ़ान पोल्ट्री, इमरान चिकन शॉप, आरिफ चिकन शॉप और फ्रेश चिकन शॉप का गहन निरीक्षण किया गया। सभी दुकानों में अनियमितताएँ मिलने पर तुरंत सीलिंग की कार्रवाई की गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस मीट, मुर्गा या मछली की दुकान चलाते पाए जाने पर अधिकतम दो लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। आगे भी इसी तरह के निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे।

दुकानों के लाइसेंस जारी करने के लिए निर्धारित मानकों का भी उल्लेख करते हुए टीम ने बताया कि—

  • दुकानें मंदिर या पूजा स्थल से कम से कम 100 मीटर दूर होनी चाहिएं।
  • विद्यालयों से लगभग 50 मीटर की दूरी अनिवार्य है।
  • दुकानों में गहरे रंग के पर्दे या शीशे लगे होने चाहिएं।
  • दुकानदार के पास स्वास्थ्य प्रमाणपत्र होना चाहिए।
  • नगर पालिका से अनापत्ति प्रमाणपत्र और नजदीकी थाने से NOC आवश्यक है।
  • दुकान पर मांस का कटान पूरी तरह प्रतिबंधित है।
  • स्लाटर हाउस न होने की स्थिति में मानक अनुसार डीप फ्रीजर में सुरक्षित मांस लाना अनिवार्य है।
  • कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए।
  • स्लाटर हाउस से लाए गए मांस का पूरा हिसाब-किताब दर्ज होना चाहिए।

कार्रवाई टीम में एसडीएम अनुपम मिश्रा, क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा, सहायक आयुक्त (खाद्य) कुलदीप सिंह, अधिशासी अधिकारी राजीव सक्सेना, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार गोंड, रणधीर सिंह यादव सहित पुलिस बल के कई सदस्य मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!