Breaking News

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा जीवन-मृत्यु से जूझ रहा।

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा जीवन-मृत्यु से जूझ रहा।

शैलेश सिंह, संवाददाता 

चन्दौली। नेगुरा फूटीया मोड़ के समीप देर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

मृतक की पहचान पंकज कुमार निवासी बड़के गांव दुधे, थाना बबूरी क्षेत्र के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन काफी तेज गति से चलाया जा रहा था और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पंकज कुमार की शादी मात्र एक वर्ष पूर्व ही आरती देवी से हुई थी। नई-नई गृहस्थी बसाने वाले इस युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में खुशियों का माहौल कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नेगुरा फूटीया मोड़ पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुका है। यहां न तो कोई गति नियंत्रक व्यवस्था है और न ही पर्याप्त चेतावनी संकेतक लगे हैं। रात के समय तेज रफ्तार वाहनों का आना-जाना आम बात है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

इस हादसे को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाते तो शायद एक युवक की जान बचाई जा सकती थी। अब ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मोड़ पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया। सवाल यही है कि कब तक ऐसे हादसों के बाद सिर्फ अफसोस जताया जाता रहेगा और ठोस कदम नहीं उठाए जाएंगे।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!