Breaking News

बलरामपुर-श्रावस्ती सीमा पर आकाशीय बिजली से युवक की मौत।

बलरामपुर-श्रावस्ती सीमा पर आकाशीय बिजली से युवक की मौत।

क्षेत्र में छाया शोक, प्रशासन ने दिलाया मदद का आश्वासन।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। थाना ललिया क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब श्रावस्ती से अपने पशुओं के लिए चारा लेने आए एक युवक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। हादसा बलरामपुर की सीमा के भीतर हुआ, जिससे आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान अमरनाथ यादव (40 वर्ष), पुत्र रिक्खी राम यादव, निवासी फत्तूपुर तानाज डिगुराजोत थाना नवीन मॉर्डन, जनपद श्रावस्ती के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अमरनाथ गांव के गुड्डू गौतम के धान के खेत में चारा काट रहे थे। सुबह करीब 9 बजे अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के बीच बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मथुरा प्रतीक पांडे पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई हरिप्रसाद की तहरीर पर कार्रवाई की गई।

मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार और हल्का लेखपाल प्रमोद कुमार मिश्रा ने हालात का जायजा लिया और परिजनों को शासन की ओर से शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

अमरनाथ की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे और मौसम अचानक बिगड़ गया था, तभी यह हादसा घटा।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली से बचाव के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से जानमाल की क्षति को रोका जा सके।

फाइल फोटो

Spread the love

Check Also

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, FLC प्रक्रिया शुरू।

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, …