Breaking News

सहसवान कचहरी गेट से बीएसएफ जवान की बाइक चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल। 

सहसवान कचहरी गेट से बीएसएफ जवान की बाइक चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल। 

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे 

सहसवान, बदायूं। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले बीएसएफ के जवान के साथ सहसवान कचहरी गेट से हुई बाइक चोरी की घटना ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है, बल्कि यह भी साबित कर दिया है कि चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

ग्राम नरसेना पालपुर निवासी रामकुमार, जो सीमा सुरक्षा बल (BSF) में तैनात हैं, छुट्टी पर घर आए हुए थे। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे वह अपने निजी कार्य से सहसवान कचहरी पहुंचे थे। उन्होंने अपनी काली स्पलेंडर बाइक (UP-24-AS-7869) को कचहरी के मुख्य गेट पर ताला लगाकर खड़ा किया, लेकिन कुछ ही देर में चोर लॉक तोड़कर बाइक चोरी कर ले गए।

हैरानी की बात यह है कि कचहरी परिसर वह स्थान है, जहां दिनभर पुलिसकर्मियों, वकीलों और फरियादियों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। काम निपटाकर बाहर आए जवान जब अपनी बाइक न देख सके तो उनके होश उड़ गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं लगा, तो उन्होंने कोतवाली सहसवान में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कचहरी परिसर और आसपास के इलाकों से कई बाइकें चोरी हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में न तो चोर पकड़े गए और न ही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लग पाया। लगातार हो रही चोरियों से आम नागरिकों में भय का माहौल है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कचहरी जैसे संवेदनशील स्थान पर न तो पर्याप्त पुलिस निगरानी है और न ही सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी व्यवस्था। चोरों को इसका पूरा फायदा मिल रहा है और वे आए दिन घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

एक ओर जहां जवान देश की सुरक्षा में तैनात रहते हैं, वहीं उनके साथ शहर के बीचों-बीच हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अगर कचहरी परिसर भी सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी अपनी गाड़ी कहां सुरक्षित रखे।

अब क्षेत्र में यही चर्चा है कि क्या सहसवान पुलिस इन बढ़ती चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए ठोस कार्रवाई करेगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!