Breaking News

चकरनगर-भरेह मार्ग पर बाइक में लगी आग, लोगों की बहादुरी से टला बड़ा हादसा।

चकरनगर-भरेह मार्ग पर बाइक में लगी आग, लोगों की बहादुरी से टला बड़ा हादसा।

आनन्द पाण्डेय, संवाददाता 

इटावा। चकरनगर-भरेह मार्ग सोमवार की दोपहर अचानक दहशत से भर गया। चौराहे से करीब 300 मीटर दूर भरेह रोड पर स्थित एक मिठाई की दुकान के सामने खड़ी बाइक में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। देखते ही देखते धधकती लपटों ने बाइक को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

आग की भयावह लपटें देख वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग मानने लगे कि कहीं बड़ा विस्फोट न हो जाए। इसी बीच मिठाई की दुकान के संचालक रामचंद्र यादव और समाजसेवी जितेंद्र सिंह चौहान उर्फ कल्लू ने साहस दिखाते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत बाल्टियों और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ और सामूहिक प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि आग कुछ देर और अनियंत्रित रहती तो आसपास की दुकानें और भीड़भाड़ वाला इलाका इसकी चपेट में आ सकता था, जिससे भारी नुकसान हो सकता था।

बताया गया कि यह बाइक कुंदौल निवासी शिव कुमार लालू पुत्र गोविंद सिंह उर्फ बालट्टर सिंह की थी। घटना की जानकारी मिलते ही चकरनगर थाना प्रभारी सुधीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा एक चेतावनी है कि वाहन की नियमित सर्विसिंग और सुरक्षा जांच कितनी जरूरी है। लोगों की बहादुरी और तत्परता ने इस दिन एक बड़ी त्रासदी को टलने से बचा लिया और इंसानियत ने एक बार फिर जीत दर्ज की।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!