Breaking News

बदायूं में जल निगम चला रहा सड़क पुनर्स्थापना अभियान, क्षतिग्रस्त सड़कों की सूचना देने की अपील।

बदायूं में जल निगम चला रहा सड़क पुनर्स्थापना अभियान, क्षतिग्रस्त सड़कों की सूचना देने की अपील।

बदायूं। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने के लिए उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से जनपद में विशेष सड़क पुनर्स्थापना अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेशव्यापी यह अभियान एक अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि उनके गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है तो इसकी सूचना विभाग को दें, ताकि जल्द कार्रवाई की जा सके।

अधिशासी अभियंता, खंड कार्यालय उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) अमित कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 5,334 किलोमीटर सड़क खोदी गई थी। इसमें से अब तक 5,319 किलोमीटर सड़क की मरम्मत कराई जा चुकी है। शेष क्षतिग्रस्त सड़कों को भी दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिन गांवों में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं हुई है, वहां के ग्रामीण विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-121-2164 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा जल समाधान ऐप और आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत की जा सकती है।

रोड रेस्टोरेशन अभियान के तहत नागरिकों की सुविधा के लिए जलसारथी ऐप पर भी विशेष व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षतिग्रस्त सड़क की फोटो और वीडियो अपलोड कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिससे समस्या संबंधित अधिकारियों तक शीघ्र पहुंच सकेगी।

अधिशासी अभियंता अमित कुमार वर्मा ने कहा कि विभाग की प्राथमिकता पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की जल्द मरम्मत कराना और ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत दिलाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि उनके गांव में ऐसी कोई सड़क है जिसकी अब तक मरम्मत नहीं हुई है तो विभाग को इसकी सूचना अवश्य दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई कर सड़क को दुरुस्त कराया जा सके।

 

 

Spread the love

Check Also

किसानों के समर्थन में बाजार बंदी की अपील बेअसर, मीना बाजार में सामान्य कारोबार।

व्यापार मंडल के आह्वान के बावजूद दोपहर ढाई बजे तक खुली रहीं अधिकांश दुकानें, पदाधिकारियों …