Breaking News

नवंबर से परिषदीय स्कूलों के बच्चों को मिलेगा मीठा हलवा और नमकीन उपमा।

नवंबर से परिषदीय स्कूलों के बच्चों को मिलेगा मीठा हलवा और नमकीन उपमा।

बदायूं। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को मध्याह्न भोजन योजना के तहत अब सप्लीमेंट्री न्यूट्रीशन भी दिया जाएगा। जिलाधिकारी अवनीश राय ने नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के तीसरे सप्ताह तक विद्यार्थियों को मीठा हलवा और उपमा (नमकीन हलवा) वितरित करने के निर्देश दिए हैं।

डीएम के निर्देशानुसार सप्लीमेंट्री न्यूट्रीशन का वितरण प्रत्येक शुक्रवार को किया जाएगा। यदि शुक्रवार को विद्यालय बंद रहता है तो अगले कार्यदिवस में इसका वितरण होगा। माह के प्रथम और तृतीय सप्ताह में मीठा हलवा, जबकि द्वितीय, चतुर्थ और पंचम सप्ताह में उपमा दिया जाएगा। विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों द्वारा प्रत्येक विद्यार्थी के लिए न्यूनतम 30 ग्राम सूजी एवं अन्य आवश्यक सामग्री से हलवा या उपमा तैयार किया जाएगा।

यह वितरण विद्यालय में मध्याह्न भोजन के समय होगा। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सामग्री का उचित भंडारण और निर्धारित मानकों के अनुसार वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। हलवा एवं उपमा तैयार करने के लिए दाल, सब्जी, तेल, मसाले, नमक, दूध और फल आदि सामग्री स्थानीय स्तर पर खरीदी जा सकेगी।

योजना के तहत मध्याह्न भोजन करने वाले बच्चों की तरह सप्लीमेंट्री न्यूट्रीशन प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का भी तिथिवार विवरण रखा जाएगा। वितरण के साक्ष्य के रूप में फोटोग्राफ भी सुरक्षित रखे जाएंगे। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि व्यय के सापेक्ष धनराशि विद्यालय स्तर पर संचालित मध्याह्न भोजन निधि खातों में स्थानांतरित की जाए।

इसके अतिरिक्त हलवा एवं उपमा तैयार करने और वितरित करने के लिए विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को प्रति छात्र, प्रति विद्यालय दिवस दो रुपये की दर से अतिरिक्त पारिश्रमिक दिया जाएगा। योजना के क्रियान्वयन की निगरानी जनपद एवं विकासखंड स्तर पर गठित टास्क फोर्स के माध्यम से की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और संबंधित स्वयंसेवी संस्थाओं को शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। योजना के प्रभावी संचालन के लिए नियमित निगरानी और निरीक्षण भी किया जाएगा।

 

 

Spread the love

Check Also

किसानों के समर्थन में बाजार बंदी की अपील बेअसर, मीना बाजार में सामान्य कारोबार।

व्यापार मंडल के आह्वान के बावजूद दोपहर ढाई बजे तक खुली रहीं अधिकांश दुकानें, पदाधिकारियों …