Breaking News

बरेली में घर के अंदर तैयार कर रहे थे हेरोइन, पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार।

आलमपुर कोट में एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त दबिश, 4.515 किलो निर्मित व अर्धनिर्मित मादक पदार्थ बरामद; पुलिस ने करीब 10 करोड़ रुपये कीमत बताई।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। जिले के सिरौली थाना क्षेत्र के आलमपुर कोट गांव में घर के अंदर कथित तौर पर हेरोइन तैयार कर उसकी बिक्री करने का मामला सामने आया है। एएनटीएफ और सिरौली पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बाहर से रसायन मंगाकर मादक पदार्थ तैयार करते थे और फिर उसे फुटकर में बेचते थे। बरामद मादक पदार्थ और रसायनों की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को रामभरोसे के मकान में अवैध मादक पदार्थ तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर एएनटीएफ और सिरौली पुलिस की संयुक्त टीम ने मकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मकान मालिक रामभरोसे, उसके बेटे वीरेश और ग्राम बेल भुजिया निवासी बृजेश को गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ सिरौली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

4.515 किलो मादक पदार्थ और रसायन बरामद

पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान 4 किलो 515 ग्राम निर्मित और अर्धनिर्मित हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा 8 किलो 560 ग्राम सोडियम कार्बोनेट और 1 किलो 694 ग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड भी मिला। मौके से गैस सिलेंडर, भगोना, दो परात, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, तीन मोबाइल फोन और 2,000 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

झारखंड से मंगाते थे रसायन

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मादक पदार्थ तैयार करने और उसकी बिक्री से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार, वीरेश और बृजेश कथित तौर पर रसायनों की मदद से हेरोइन तैयार करते थे। इसके लिए झारखंड से एक व्यक्ति सामग्री उपलब्ध कराता था। तैयार मादक पदार्थ की बिक्री से होने वाला मुनाफा आरोपी आपस में बांट लेते थे।

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

इस मामले में पुलिस अब मादक पदार्थ की आपूर्ति और निर्माण से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। झारखंड से रसायन उपलब्ध कराने वाले कथित व्यक्ति की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Spread the love

Check Also

रसोई में जोरदार धमाका, महिला गंभीर घायल; दिल्ली रेफर।

गैस रिसाव की आशंका, मकान के दरवाजे और शीशे क्षतिग्रस्त; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य। …