Breaking News

रसोई में जोरदार धमाका, महिला गंभीर घायल; दिल्ली रेफर।

गैस रिसाव की आशंका, मकान के दरवाजे और शीशे क्षतिग्रस्त; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। जिले के शाही थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह रसोई में अचानक हुए जोरदार धमाके से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान राधा शर्मा के रूप में हुई है। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, शाही थाने के समीप सुमित शर्मा का मकान है। शुक्रवार सुबह उनके भाई अंकित शर्मा की पत्नी राधा शर्मा दूध गर्म करने के लिए रसोई में पहुंचीं। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके से मकान के दरवाजे, शीशे और बरामदे में रखा फर्नीचर क्षतिग्रस्त हो गया।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद परिवार के लोग घबरा गए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम और सीओ मीरगंज ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली।

प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि रात में गैस खुली रह जाने के कारण रसोई में गैस जमा हो गई होगी, जिससे धमाका हुआ। हालांकि, धमाके के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

Spread the love

Check Also

शिक्षक एमएलसी चुनाव: बहेड़ी में 72.76%, रिछा-दमखोदा में 87.27% मतदान।

बहेड़ी में 613 में से 446 और रिछा-दमखोदा में 55 में से 48 शिक्षकों ने …