Breaking News

बिसौली: के.बी. हिंदी सेवा न्यास द्वारा काव्य गोष्ठी, शिक्षक पिता की पुण्यतिथि पर सेवानिवृत्त गुरुजन सम्मानित।

बिसौली: के.बी. हिंदी सेवा न्यास द्वारा काव्य गोष्ठी, शिक्षक पिता की पुण्यतिथि पर सेवानिवृत्त गुरुजन सम्मानित।

आई एम खान 

बिसौली। के.बी. हिंदी सेवा न्यास के बैनर तले कीर्तिशेष शिक्षक श्याम बहादुर सक्सेना की पुण्यतिथि की स्मृति में गरिमामयी काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सतीश चन्द्र शर्मा ‘सुधांशु’ ने की, जबकि संचालन युवा कवि राजीव कुमार उपाध्याय ने किया।

गोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से माँ, हिंदी भाषा और संवेदनाओं के विविध रंग बिखेरे। विष्णु असावा ने सुनाया—जर्जर काया बूढ़ी माँ की, घर में टूटी खटिया पर। चार-चार बेटे हैं फिर भी, उसे भरोसा लठिया पर। गजलकार ओजस्वी जौहरी ‘सरल’ ने पढ़ा—क से लेकर ज्ञ तक का हमें ज्ञान कराती है हिंदी। सात सुरों की सरगम का भी भान कराती है हिंदी।

अध्यक्षता कर रहे डॉ. सतीश चन्द्र शर्मा ‘सुधांशु’ ने सुनाया—सरसता का स्रोत हिंदी। सरलता से प्रोत हिंदी। शिष्टता का कर रही संचार भाषा हिन्द की। उद्धार भाषा हिन्द की। विजय कुमार सक्सेना ‘विजय’ ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा—हजारों साए दुनियाँ में मगर ऐसा नहीं कोई, पिता के नाम के साए की जो भर दे जगह कोई। संचालन कर रहे राजीव कुमार उपाध्याय ने पंक्तियाँ पढ़ीं—भाषा के उद्यान में, हिंदी अनुपम भाषा। शुद्ध सरल वक़्तव्य में, है सबके अति पास।

रमेश मिश्र ‘सहज’ ने कहा—माँ से उद्भव पाकर मैंने, ज़ब अपना मुँह खोला। हिंदी के माध्यम से पहला अक्षर ही माँ बोला। अशोक कुमार दुबे ने प्रस्तुत किया—न जानूँ आराधना, रखूँ न पूजा थाल। अक्षर की लड़ियाँ बना, मात बनाती माल। नरेंद्र पाठक ‘अभाषित’ ने सुनाया—हिंदी मैं हिन्द देश की भाषा हूँ स्वदेशी। निज देश में पली बढ़ी नहीं हूँ विदेशी।

कार्यक्रम के अंत में आयोजक विजय कुमार सक्सेना ने अपने दिवंगत शिक्षक पिता स्व. श्याम बहादुर सक्सेना की स्मृति में नगर के पाँच सेवानिवृत्त शिक्षकों को शाल ओढ़ाकर, प्रतीक चिह्न और पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान न्यास के प्रभारियों व उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और हिंदी साहित्य के संवर्धन का संकल्प लिया।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: 19 सितंबर को दातागंज में वृहद रोजगार मेला, 35-40 कंपनियां लेंगी हिस्सा।

बदायूँ: 19 सितंबर को दातागंज में वृहद रोजगार मेला, 35-40 कंपनियां लेंगी हिस्सा। बदायूँ: जिला …