Breaking News

बदायूं: बागपत सड़क हादसे में बदायूं के 13 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिवारों से की मुलाकात।

बागपत सड़क हादसे में बदायूं के 13 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिवारों से की मुलाकात।

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर 7 सितंबर 2026 की देर रात (लगभग 1 बजे) एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। राजस्थान के बागड़धाम (गोगामड़ी) से दर्शन कर पिकअप गाड़ी से वापस बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में बदायूं जनपद के 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 45 वर्षीय चित्रपाल गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।

इस भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वालों में जयसिंह (50), साधुराम (50), मुन्नी देवी (पत्नी साधुराम), मूर्ति (30), रामेश्वर (65), अमनेश (35), भगवती देवी (45), सौरभ (5), दीक्षा (2), निजामपुर की एक महिला, चेतुनगला सुगड़पाल निवासी एक व्यक्ति, जोड़ीनगला निवासी एक व्यक्ति और बख्तीनगला निवासी एक व्यक्ति शामिल हैं। इस हादसे के बाद से बदायूं के संबंधित गांवों में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस पार्टी का एक वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल शोकाकुल परिवारों के बीच पहुंचा। नेताओं ने मृतकों के परिजनों से मिलकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्रत्येक मृतक के पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और बच्चों की मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था की जाए।

यह प्रतिनिधिमंडल जिला कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह और जिला कांग्रेस महासचिव मोरपाल प्रजापति के संयुक्त नेतृत्व में पीड़ित परिवारों से मिलने गया था। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य व निवर्तमान प्रदेश सचिव जितेंद्र कश्यप, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष वीरेश तोमर, प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश उपाध्यक्ष शफी अहमद, जिला कांग्रेस महासचिव इखलास हुसैन और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश प्रजापति भी शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक आयोजित, 12 सितंबर को होगा आयोजन।

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक आयोजित, 12 सितंबर को होगा …