Breaking News

दिव्यांगजनों को बिना आय सीमा के आयुष्मान कार्ड देने की मांग।

जनसेवा टीम ट्रस्ट ने राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार को सौंपा ज्ञापन, विशेष शिविर लगाने और इलाज व थेरेपी को योजना में शामिल करने की उठाई मांग।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बरेली, उत्तर प्रदेश। आर्थिक तंगी के कारण दिव्यांगजनों का इलाज प्रभावित न हो, इसके लिए जनसेवा टीम ट्रस्ट ने प्रदेश के सभी प्रमाणित दिव्यांगजनों को बिना आय सीमा और जटिल शर्तों के आयुष्मान कार्ड जारी करने की मांग उठाई है। ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी खाँ वारसी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें दिव्यांगजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि दिव्यांगजनों को सामान्य चिकित्सा के साथ नियमित थेरेपी, पुनर्वास और सहायक उपकरणों की भी आवश्यकता होती है। इन सेवाओं पर लगातार होने वाला खर्च कई परिवारों के लिए आर्थिक बोझ बन जाता है। ऐसे में आयुष्मान योजना के तहत दिव्यांगजनों को प्राथमिकता देने से उन्हें इलाज कराने में राहत मिल सकती है।

जिला और ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर लगाने की मांग

जनसेवा टीम ट्रस्ट ने मांग की कि जिला और ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर दिव्यांगजनों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, ताकि उन्हें योजना का लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष चिकित्सा, थेरेपी और पुनर्वास सेवाओं को भी योजना के दायरे में शामिल करने पर विचार करने की मांग की गई।

ज्ञापन में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 का उल्लेख करते हुए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को दिव्यांगजनों के अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आर्थिक स्थिति के कारण किसी भी दिव्यांगजन को जरूरी इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री तक मांग पहुंचाने का आश्वासन

राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने मांग को दिव्यांगजनों के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखने और वार्ता के माध्यम से समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी चमन सिंह को भी ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान भारतीय दिव्यांग सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद शकील, निक्की वर्मा, हाजी साकिब रजा खाँ, डॉ. सीताराम राजपूत, महेश लाल, वसीम रजा, खेमपाल मौर्य, बब्लू मौर्य, मोबिन रजा, मो. यासीन, मैकू लाल, जावेद, हनीफ, ओमप्रकाश कश्यप, हरीश पटेल, अभिषेक शर्मा, रामपाल, विवेक, देवेंद्र मौर्य, सीमा कश्यप, किरण और शाइस्ता परवीन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

राहुल गांधी से मिले कांग्रेस नेता हसीब खान, 1 नवंबर के प्रदर्शन और आगामी विधानसभा चुनाव पर हुई चर्चा।

राहुल गांधी से मिले कांग्रेस नेता हसीब खान, 1 नवंबर के प्रदर्शन और आगामी विधानसभा …