Breaking News

स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लक्ष्य पूरा करने के सीडीओ ने दिए निर्देश।

स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लक्ष्य पूरा करने के सीडीओ ने दिए निर्देश।

बदायूं। विकास भवन सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जननी सुरक्षा योजना के तहत सीएचसी जगत और आसफपुर में भुगतान की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

संस्थागत प्रसव योजना की समीक्षा के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज, सीएचसी जगत और सैदपुर में निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं होने पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में एक से 31 अक्टूबर तक संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सफाई अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने योजना के नोडल अधिकारी डॉ. वैभव गुप्ता को विशेष अभियान चलाकर 10 गांवों में आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़कर उन्हें निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

सीडीओ ने सभी चिकित्सा प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों का उपचार आभा आईडी के माध्यम से किया जाए और पर्चा भी इसी आईडी के तहत बनाया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा विभागीय योजनाओं की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया।

बैठक में जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, डॉ. विकास शर्मा, महिला चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शोभा अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

संकट में बच्चों की मदद के लिए 1098, साइबर ठगी पर 1930; बहेड़ी में विद्यार्थियों को बताए कानूनी अधिकार।

विधिक जागरूकता शिविर में सिविल जज योगेश कुमार चौधरी ने दी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी, …