Breaking News

कासगंज: बरौना में गंगा का कटान तेज: बांध के पश्चिमी छोर पर संकट, आधा दर्जन गांवों पर मंडराया बाढ़ का खतरा।

बरौना में गंगा का कटान तेज: बांध के पश्चिमी छोर पर संकट, आधा दर्जन गांवों पर मंडराया बाढ़ का खतरा।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। जनपद के गंजडुंडवारा ब्लॉक क्षेत्र के गांव बरौना में गंगा नदी की तेज धार ने बाढ़ सुरक्षा के लिए बने जियो ट्यूब बांध के पश्चिमी छोर को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। काली मंदिर के समीप बने बंधे पर कटान शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। यदि यह कटान जल्द नहीं रोका गया, तो आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के लिए बड़ा बाढ़ संकट खड़ा हो सकता है।

काली मंदिर के पास बांध कटने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना पाकर विभागीय अमला तुरंत हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर कटान रोधी कार्य शुरू कराया। विभाग की ओर से गंगा के तेज बहाव को मोड़ने और रोकने के लिए परकोपिन लगाने के साथ ही मड बैग (मिट्टी के बोरे) डालने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समय गंगा का जलप्रवाह बेहद आक्रामक है और पानी की धार लगातार बांध के किनारों पर भारी दबाव बना रही है। स्थानीय लोगों को इस बात का डर सता रहा है कि यदि समय रहते इस कटान को पूरी तरह नियंत्रित नहीं किया गया, तो बरौना के अलावा बस्तौली, ब्रह्मपुर और गजौरा समेत आधा दर्जन से अधिक गांव सीधे तौर पर बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं। सुरक्षा बांध टूटने से जहां एक ओर सैकड़ों बीघा उपजाऊ फसलें जलमग्न होने की आशंका है, वहीं दूसरी ओर दर्जनों बस्तियों का जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।

ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि संवेदनशील स्थल पर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए और जब तक गंगा का जलस्तर पूरी तरह सुरक्षित स्तर पर नहीं आ जाता, तब तक विभागीय टीमें मौके पर मुस्तैद रहकर लगातार निगरानी रखें। फिलहाल सिंचाई विभाग की टीम स्थिति को संभालने और कटान रोकने के लिए लगातार जुटी हुई है।

Spread the love

Check Also

बरेली: रक्षाबंधन की मेहमाननवाजी मातम में बदली, नदी में डूबने से बच्चे की मौत।

बरेली: रक्षाबंधन की मेहमाननवाजी मातम में बदली, नदी में डूबने से बच्चे की मौत। संवाददाता, …