Breaking News

कासगंज: उफनती बाढ़ भी नहीं रोक पाई बहनों के कदम, नाव के सहारे भाइयों के घर पहुंचकर बांधी राखी।

कासगंज: उफनती बाढ़ भी नहीं रोक पाई बहनों के कदम, नाव के सहारे भाइयों के घर पहुंचकर बांधी राखी।

संवाददाता: जुम्मन कुरैशी

कासगंज। भाई की कलाई पर रक्षासूत्र सजाने और उनकी लंबी उम्र की कामना करने की बहनों की चाहत के आगे गंगा की विकराल बाढ़ भी बेबस नजर आई। पटियाली तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों में रास्ते पूरी तरह जलमग्न होने के बावजूद बहनें अपनी जान जोखिम में डालकर नाव के जरिए अपने भाइयों के घर पहुंचीं। उफनती लहरों और तमाम दुश्वारियों के बीच नाव का सफर तय करती बहनों का यह समर्पण भाई-बहन के अटूट प्रेम की एक अनूठी दास्तां बयां करता है।

क्षेत्र के लोगों के अनुसार, पटियाली तहसील के नगला नरपत, नगला खना, मुझखेड़ा, नगला जयकिशन और राजेपुर कुर्रा समेत दर्जनों गांव इन दिनों गंगा के बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। मुख्य मार्गों पर कई फीट पानी भरा होने के कारण आवागमन के सारे रास्ते बंद हैं। नगला हंसी से मुझखेड़ा जाने वाला संपर्क मार्ग कई जगह से कट चुका है और पुलिया टूटने के कारण पानी का बहाव बेहद खतरनाक है। ऐसे हालातों में पैदल या दोपहिया वाहन से निकलना बड़े हादसे को न्योता देना है, जिसके चलते ग्रामीणों और रिश्तेदारों के लिए अब केवल नाव ही आवागमन का एकमात्र जरिया बची है।

रक्षाबंधन के दिन बहनों के लिए यह सफर किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं था। हाथों में पूजा की थाली, रोली और मिठाई लिए जब ये बहनें घर से निकलीं, तो रास्ते में सड़क की जगह उन्हें गहरे पानी और तेज धार का सामना करना पड़ा। बाढ़ के पानी के बीच हिलती-डुलती नाव पर बैठी इन बहनों के दिलों में अनहोनी का डर जरूर था, लेकिन भाई से मिलने का उत्साह उस डर पर भारी पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ की वजह से जनजीवन पहले ही अस्त-व्यस्त हो चुका है, खेत और रास्ते सब पानी में डूबे हैं। हालांकि प्रशासन द्वारा राहत कार्य चलाए जा रहे हैं, फिर भी त्योहार की उमंग पर यह आपदा भारी नहीं पड़ सकी। उफनती जलधारा को पार कर भाइयों तक पहुंचीं इन बहनों ने साबित कर दिया कि प्राकृतिक आपदाएं और टूटे रास्ते आत्मीय रिश्तों की अटूट डोर को कभी कमजोर नहीं कर सकते।

Spread the love

Check Also

बरेली के बहेड़ी में नहर में नहाने गया युवक डूबा, 18 घंटे बाद एसडीआरएफ ने बरामद किया शव।

  बरेली के बहेड़ी में नहर में नहाने गया युवक डूबा, 18 घंटे बाद एसडीआरएफ …