Breaking News

सहसवान: शिक्षा की अलख: ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन और मॉडल विलेज ट्रस्ट ने 150 जरूरतमंद बच्चों को बांटी स्कूल किट।

शिक्षा की अलख: ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन और मॉडल विलेज ट्रस्ट ने 150 जरूरतमंद बच्चों को बांटी स्कूल किट।

सहसवान, बदायूं। जिम्मेदार संस्थाओं की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों की पढ़ाई अब और आसान होगी। ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से मॉडल विलेज ट्रस्ट ने जिले के चुनिंदा गांवों में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर 150 जरूरतमंद बच्चों को स्कूल किट वितरित की गईं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और संसाधन उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम की शुरुआत बसौलिया के प्राथमिक विद्यालय से की गई, जहां आसपास के चार स्कूलों के बच्चों को किट दी गईं। मॉडल विलेज ट्रस्ट के विलेज कोऑर्डिनेटर अजमल हुसैन के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन के स्टेट कोऑर्डिनेटर मोहम्मद अबूज़र ने मुख्य रूप से शिरकत की। उन्होंने अपने हाथों से बच्चों को किट सौंपी और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।

इसके बाद ट्रस्ट के प्रोजेक्ट इंचार्ज इलियास हमदानी ने इस्माइलपुर और कुर्बानपुर गांव में भी घर-घर जाकर और स्कूलों में बच्चों को सामग्रियां बांटीं। मल्लू खान के आवास और स्थानीय प्राथमिक विद्यालयों में हुए इन वितरण कार्यक्रमों में कुल 150 बच्चों को किट मिलीं। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका प्रयास है कि कोई भी बच्चा संसाधनों की कमी के कारण शिक्षा से दूर न रहे।

इस नेक पहल की स्थानीय स्तर पर खूब सराहना हुई। बसौलिया के प्रधानाध्यापक अमित कुमार शर्मा और इस्माइलपुर के प्रधानाध्यापक विनय चौधरी ने दोनों संस्थाओं का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कदम बच्चों का मनोबल बढ़ाते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनीस अहमद, हाफिज हाशिम रज़ा, मोहम्मद कासिम और लईक अहमद समेत कई ग्रामवासियों और स्वयंसेवकों ने पूरा सहयोग दिया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य जारी रखने का संकल्प लिया है।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: जिला उद्योग बंधु की बैठक: विद्युत और सड़क व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश।

जिला उद्योग बंधु की बैठक: विद्युत और सड़क व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश। बदायूं: कलेक्ट्रेट …