Breaking News

उझानी के ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल में नशा मुक्ति शिविर का आयोजन, युवाओं को दी गई सकारात्मक जीवनशैली की सीख।

उझानी के ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल में नशा मुक्ति शिविर का आयोजन, युवाओं को दी गई सकारात्मक जीवनशैली की सीख।

उझानी। ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, उझानी में एक विशेष नशा मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया। वर्तमान समय में भारत युवाओं का देश है, लेकिन दुर्भाग्यवश देश की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में फंसती जा रही है। युवाओं का नशे जैसी बुरी आदतों में संलिप्त होना न केवल उनके अपने भविष्य के लिए, बल्कि पूरे राष्ट्र के हित में भी हानिकारक है। हाल ही में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान” की शुरुआत की गई है, जिसके तहत ए.पी.एस. स्कूल ने भी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया है।

इसी क्रम में नशा मुक्ति अभियान, उन्नाव की विशेष टीम ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों के लिए शिविर का संचालन किया। टीम के सदस्यों ने छात्र-छात्राओं को बुरी आदतों और व्यसनों से दूर रहने के साथ-साथ मानसिक शांति पाने के उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को आध्यात्मिक ज्ञान, राजयोग मेडिटेशन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर अपने मन को मजबूत बनाने के तौर-तरीके सिखाए। इस जागरूकता शिविर में नरोरा से आईं रागिनी बहनजी, पुष्पा बहनजी, मीरा बहनजी, अंजना बहनजी, घनश्याम भाईजी और सत्यप्रकाश भाईजी ने अपनी उपस्थिति से बच्चों को प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती पूनम अग्रवाल ने सभी वक्ता भाई-बहनों का आभार प्रकट किया और मुख्य अतिथि बहनजी को शॉल ओढ़ाकर तथा स्कूल का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र भट्ट ने सभी बच्चों को किसी भी प्रकार के नशीले खाद्य पदार्थों से दूर रहने की हिदायत दी। उन्होंने बच्चों को दूसरों की मदद करने और एक सशक्त व विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस प्रेरणादायक आयोजन के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई समाधान की मांग।

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई …