Breaking News

बहेड़ी में आजाद समाज पार्टी ने बढ़ाई सियासी हलचल, नवल किशोर मौर्य को सौंपी गई विधानसभा प्रभारी की कमान।

बहेड़ी में आजाद समाज पार्टी ने बढ़ाई सियासी हलचल, नवल किशोर मौर्य को सौंपी गई विधानसभा प्रभारी की कमान।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए बहेड़ी क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने सांगठनिक ढांचे को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ करने के लिए नवल किशोर मौर्य को 118 बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र का नया प्रभारी नियुक्त किया है। बुधवार को स्थानीय पार्टी कार्यालय में बुलाई गई एक प्रेस वार्ता के दौरान इस महत्वपूर्ण नियुक्ति का आधिकारिक ऐलान किया गया। घोषणा के बाद वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नवनियुक्त प्रभारी का गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी चुनावों के मद्देनजर अपनी रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि पार्टी का मुख्य फोकस जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ बनाना और जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। इस दौरान आगामी परिवर्तन यात्रा और पार्टी के जनहित से जुड़े संकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई।

नेताओं ने जनता के सामने अपने मुख्य एजेंडे रखते हुए कहा कि सत्ता में आने पर पहली से बारहवीं कक्षा तक पूरी तरह निःशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं, शराब पर पूर्ण प्रतिबंध, युवाओं को रोजगार मिलने तक निश्चित बेरोजगारी भत्ता और सरकारी विभागों में खाली पड़े बैकलॉग के पदों को प्राथमिकता से भरा जाएगा। उन्होंने इन सभी मुद्दों को जनता के हितों से जुड़ा हुआ बताते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

अपनी नियुक्ति के बाद नवनियुक्त विधानसभा प्रभारी नवल किशोर मौर्य ने कहा कि पार्टी की विचारधारा और जनहित के इन संकल्पों को लेकर कार्यकर्ता घर-घर और गांव-गांव तक पहुंचेंगे। उन्होंने संगठन को और अधिक गतिशील बनाने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को पूरी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महासचिव राजपाल कश्यप, अतुल वाल्मीकि, पवन सागर, डॉ. दुर्वेश अली अंसारी और डॉ. यशपाल सागर सहित तमाम प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: अशोकपुर गांव में पशुओं के बाड़े में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत।

कासगंज: अशोकपुर गांव में पशुओं के बाड़े में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत। संवाददाता, जुम्मन …