Breaking News

शाहजहांपुर के परिषदीय विद्यालयों में 12,804 विद्यार्थी सी, डी और ई ग्रेड में।

शाहजहांपुर के परिषदीय विद्यालयों में 12,804 विद्यार्थी सी, डी और ई ग्रेड में।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर, जर्जर भवनों, हाईटेंशन विद्युत लाइनों, विकास कार्यों और विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

नेट मॉक टेस्ट में जिले के 12,804 विद्यार्थी सी, डी और ई ग्रेड में पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने प्रत्येक विकासखंड के खराब प्रदर्शन वाले पांच विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। वहीं कलान, भावलखेड़ा, जलालाबाद और ददरौल विकासखंडों में एक हजार से अधिक विद्यार्थियों के सी, डी व ई ग्रेड में पाए जाने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया।

जिलाधिकारी ने कमजोर विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर में सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर कार्य करने के निर्देश दिए। अनुपस्थित विद्यार्थियों की परीक्षा अक्टूबर के अंत तक तथा सभी विद्यार्थियों की पुनः परीक्षा नवंबर के अंतिम सप्ताह में कराने को कहा।

समीक्षा के दौरान जिले में 240 जर्जर विद्यालय भवनों की जानकारी सामने आई, जिनमें से 100 भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो चुकी है। जिलाधिकारी ने शेष 140 जर्जर भवनों को भी शीघ्र ध्वस्त कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही 213 हाईटेंशन विद्युत लाइनों को हटाने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

विद्यालयों में स्वीकृत विकास कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू कराने, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने तथा 21 दिन के भीतर जन्म लेने वाले बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए टोल फ्री नंबर की योजना पर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।

विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 300 से अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में चार सीसीटीवी कैमरों का एक सेट लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन के लिए गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने में गैस एजेंसियों की कथित मनमानी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी से समन्वय कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, परियोजना निदेशक अवधेश राम, जिला विद्यालय निरीक्षक हरवंश कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

सेवा संकल्प अभियान के तहत एसडीएम ने विद्यार्थियों को बताए करियर के रास्ते, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दिए टिप्स।

डिग्री के साथ लक्ष्य और तैयारी जरूरी, तभी मिलेगी सफलता। संवाददाता, मोहम्मद वसीम  बहेड़ी, बरेली। …