Breaking News

बैनामा कराने पर आपत्ति जताने वाले अधिवक्ता पर हमला, दो महिलाएं हिरासत में।

बैनामा कराने पर आपत्ति जताने वाले अधिवक्ता पर हमला, दो महिलाएं हिरासत में।

आई एम खान 

बिसौली। उपनिबंधक कार्यालय में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब दोबारा बैनामा कराने पर आपत्ति जताने वाले अधिवक्ता मुकेश मिश्र पर दो महिलाओं समेत छह लोगों ने कथित रूप से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने कार्यालय में अधिवक्ता को घेरकर मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से कार्यालय में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। साथी अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मुकेश मिश्र को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया।

घटना के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो महिला आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता एकजुट होकर जुलूस की शक्ल में कोतवाली पहुंचे। अधिवक्ता मुकेश मिश्र ने कोतवाल सर्वेन्द्र शर्मा को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। घायल अधिवक्ता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। घटना के बाद उपनिबंधक कार्यालय से लेकर कोतवाली तक काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

तहरीर में जुमरत पत्नी इंतजार, रिजवानो पत्नी मुंत्याज, कल्लू, अबरार और जमीर निवासी वगरेन थाना वजीरगंज तथा सलमान निवासी दबतोरा थाना बिसौली को आरोपी बनाया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

अधिवक्ताओं के शिष्टमंडल में तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन, पूर्व अध्यक्ष अनूप शर्मा, राजेश भारद्वाज, सचिन सक्सेना, प्राणव्रत शर्मा, अबरार खान, सचिन शर्मा, अफजाल खान, राजीव दुवे, श्योराज शाक्य, रावेंद्र पाल, सुनील चौहान सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

आईएएस ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा ने किया रामलीला महोत्सव का शुभारंभ, पहले दिन हुआ शिव विवाह का मंचन।

आईएएस ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा ने किया रामलीला महोत्सव का शुभारंभ, पहले दिन हुआ शिव …