Breaking News

शाहजहांपुर: स्कूल के बाहर तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आया नौवीं का छात्र, दर्दनाक हादसे में मौत से परिवार में कोहराम।

स्कूल के बाहर तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आया नौवीं का छात्र, दर्दनाक हादसे में मौत से परिवार में कोहराम।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। रोजा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां स्कूल के ठीक बाहर तेज रफ्तार पिकअप ने कक्षा नौ के 14 वर्षीय छात्र को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में छात्र की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई। इस अप्रत्याशित हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, क्योंकि अंश अपनी मां का इकलौता सहारा और इकलौता बेटा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हयातपुरा निवासी अंश त्रिवेदी (14 वर्ष) रोजा स्थित संजय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का मेधावी छात्र था। मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे जब विद्यालय की छुट्टी हुई, तो अंश अपने अन्य साथियों के साथ कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर सड़क किनारे खड़े होकर घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान हथौड़ा सुभाष चौराहे की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि अंश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह खौफनाक मंजर देख मौके पर मौजूद छात्रों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायल छात्र को फौरन इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अंश की मौत की दुखद खबर जैसे ही घर पहुँची, उसकी मां सीता देवी की दुनिया उजड़ गई। उनके जीवन का इकलौता आसर छिन गया। परिजनों ने बताया कि अंश के सिर से बहुत पहले ही पिता का साया उठ चुका था, उसके पिता राकेश त्रिवेदी की कई वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। परिवार का भरण-पोषण और बेटे को पढ़ाने के लिए मां सीता देवी ने रोजा क्षेत्र के ही एक निजी विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में नौकरी शुरू की थी। वे अकेली ही मेहनत-मजदूरी कर अपने बेटे को पढ़ा रही थीं। इकलौते बेटे की इस तरह अचानक हुई दर्दनाक मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है और उनका सुध-बुध खो चुकी हैं।

दुर्घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद सतर्क छात्रों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। घटना की सूचना मिलते ही रोजा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और आरोपी चालक को अपनी हिरासत में लेते हुए दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया।

इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि मृतक छात्र की मां सीता त्रिवेदी की तरफ से दी गई लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अंश की इस प्रकार असमय और दर्दनाक मौत से न केवल उसके परिवार बल्कि स्कूल के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और पूरे मोहल्ले में गहरा शोक व्याप्त है।

Spread the love

Check Also

कासगंज में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट: एसपी ने गंगा घाट और रूट का किया निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश।

कासगंज में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट: एसपी ने गंगा घाट और …

error: Content is protected !!