Breaking News

बदायूं: कारगिल विजय दिवस पर राजकीय महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने शहीद स्थल पर दी श्रद्धांजलि, रोपे गए तुलसी के पौधे।

बदायूं: कारगिल विजय दिवस पर राजकीय महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने शहीद स्थल पर दी श्रद्धांजलि, रोपे गए तुलसी के पौधे।

बदायूं। बदायूं के राजकीय महाविद्यालय, आवास विकास स्थित 21वीं बटालियन बरेली की एनसीसी यूनिट के कैडेट्स ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्थल पर पहुंचकर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय की एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता, डॉ. राकेश कुमार जायसवाल और उप प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और पूरी निष्ठा के साथ शहीद स्थल की साफ-सफाई भी की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देशभक्ति के प्रेरणादायक गीत गाकर तथा राष्ट्रगान बजाकर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों की गाथा और इस दिवस की महत्ता को याद किया।

एनसीसी की एएनओ डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र रक्षा का संकल्प लेना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कारगिल युद्ध का जिक्र करते हुए बताया कि द्रास, तोलोलिंग, बटालिक और कारगिल जैसी बेहद कठिन और बर्फीली पहाड़ियों पर तैनात भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, पराक्रमी इतिहास और बलिदान को नमन करना हम सबका परम कर्तव्य है।

इस अवसर पर एक अनूठी पहल करते हुए कैडेट्स ने शहीद स्थल के पार्क में तुलसी के पौधे रोपे, जिसके माध्यम से अमर शहीदों को नमन करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी सशक्त संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में आराध्या मिश्रा, अनन्या मिश्रा, मनु सिंह, काजल, आशी राणा, हरिमोहन सिंह पटेल, अक्षित शाक्य, वीर बहादुर, सुमित यादव और गौरव पाली सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने शहीदों के बलिदान को याद कर उन्हें सलाम किया तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को हर हाल में बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

 

 

 

Spread the love

Check Also

गन्ना भुगतान के मुद्दे पर किसानों के बीच पहुंचे भाजपा नगर अध्यक्ष, विरोध के बीच हुई नोकझोंक।

धरना स्थल पर अपनी बात रखने के दौरान राहुल गुप्ता को करना पड़ा विरोध का …