Breaking News

सहसवान: अंडरग्राउंड लाइन के करंट से बुग्गी के बैल की दर्दनाक मौत, गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप।

अंडरग्राउंड लाइन के करंट से बुग्गी के बैल की दर्दनाक मौत, गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप।

सहसवान, बदायूं। नगर के मोहल्ला शहबाजपुर कटरा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां अंडरग्राउंड विद्युत लाइन से फैले करंट की चपेट में आने से एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को कछला चौराहे से शहबाजपुर आ रही एक बुग्गी का बैल रास्ते में अंडरग्राउंड विद्युत लाइन में आए करंट की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस भी फौरन मौके पर पहुंच गई।

मोहल्लेवासियों ने विद्युत विभाग पर जमकर भड़ास निकालते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि पूर्व में बारिश के दौरान इस क्षेत्र की बिजली सप्लाई एहतियात के तौर पर काट दी जाती थी, लेकिन इस बार कई बार फोन कर सूचना देने के बावजूद बिजली कर्मियों ने सप्लाई बंद नहीं की। इसी लापरवाही के कारण अंडरग्राउंड लाइन में करंट उतरा और यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि शनिवार सुबह इलाके में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया था जब बिजली के एक बॉक्स में करंट उतर आने के कारण एक किशोर उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचा था। इसके बावजूद विभागीय कर्मचारियों ने समय रहते कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया, जिसका खामियाजा एक बेजुबान जानवर को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।

घटना से नाराज मोहल्लेवासियों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, क्षेत्र की अंडरग्राउंड विद्युत लाइनों और चरमराई बिजली व्यवस्था की तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराकर सुधार कराने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में किसी बड़े इंसानी या अनहोनी हादसे को टाला जा सके।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज में चोरी का खुलासा, चार वांछित आरोपी गिरफ्तार; सोने के जेवर और 40 हजार रुपये बरामद।

कासगंज में चोरी का खुलासा, चार वांछित आरोपी गिरफ्तार; सोने के जेवर और 40 हजार …