Breaking News

बरेली: सुबह की सैर पर निकले बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, संपत्ति विवाद की रंजिश में हत्या का आरोप।

सुबह की सैर पर निकले बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, संपत्ति विवाद की रंजिश में हत्या का आरोप।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बरेली: भोजीपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बुजुर्ग की नृशंस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग का शव परसुनगला रोड स्थित विविधापुर के पास सड़क किनारे खून से लथपथ मिला। उनके गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान पाए गए। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए पुराने संपत्ति विवाद को वारदात की वजह करार दिया है और तीन लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों के अनुसार, बुजुर्ग रोजाना की तरह सुबह करीब छह बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। इसके लगभग आधे घंटे बाद, सुबह करीब साढ़े छह बजे कस्बे के लेखपाल कश्यप ने मृतक के बेटे अर्जुन श्रीवास्तव को फोन पर सूचना दी कि उनके पिता सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़े हैं और उनके शरीर से लगातार खून बह रहा है। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां बुजुर्ग मृत अवस्था में मिले।

परिजनों का आरोप है कि घटना के समय मृतक के गले की सोने कीमती चेन और उनका मोबाइल फोन भी गायब था, जिससे इस वारदात के पीछे लूट और रंजिश दोनों की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में मोहल्ले के ही रहने वाले लालाराम, उसके बेटे संजीव और महेंद्र श्रीवास्तव पर पुराने संपत्ति विवाद के चलते हत्या कराने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी पक्ष पहले भी कई बार उन्हें जान से मारने की धमकियां दे चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही भोजीपुरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही रंजिश, लूट और अन्य सभी संभावित पहलुओं से मामले की गहनता से जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों की भूमिका की भी पूरी छानबीन की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और सभी की निगाहें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने …