Breaking News

शाहजहाँपुर: खेल प्रेमियों को मिली बड़ी सौगात, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का किया लोकार्पण।

शाहजहाँपुर: खेल प्रेमियों को मिली बड़ी सौगात, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का किया लोकार्पण।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहाँपुर: जनपद में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को परमवीर चक्र नायक जदूनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम की नई आधुनिक खेल सुविधाओं का भव्य लोकार्पण किया। लगभग 2632.76 लाख रुपये की लागत से तैयार इस स्टेडियम में मंत्री ने फीता काटकर तरणताल (स्विमिंग पूल), बैडमिंटन कोर्ट और कबड्डी इंडोर हॉल का उद्घाटन किया, साथ ही 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का शिलापट्ट अनावरण भी किया। इस अवसर पर मंत्री ने खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका हौसला बढ़ाया।

अपने संबोधन में मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जानकारी दी कि स्टेडियम में स्विमिंग पूल, सिंथेटिक ट्रैक, मल्टीपरपज स्पोर्ट्स हॉल, बास्केटबॉल कोर्ट, क्रिकेट पिच और सेल्फी पॉइंट जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही शीघ्र ही जनरेटर की व्यवस्था और हॉकी क्लब की स्थापना का भी आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हॉकी स्टेडियम का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिला खेल प्रोत्साहन समिति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिदिन पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा, जिस पर प्रति माह 5 से 6 लाख रुपये का व्यय किया जाएगा। जिलाधिकारी ने गर्व के साथ बताया कि जनपद के 9 खिलाड़ियों का चयन राज्य एवं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।

सांसद अरुण कुमार सागर ने शाहजहाँपुर के चहुंमुखी विकास का श्रेय मंत्री सुरेश खन्ना के कुशल नेतृत्व को दिया। इस कार्यक्रम में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, एमएलसी सुधीर गुप्ता, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिला क्रीड़ा अधिकारी एस.पी. बामनिया सहित तमाम जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!