Breaking News

बदायूं: कादरचौक में खूनी संघर्ष: नशे में धुत मामा ने भांजे की गोली मारकर की हत्या, बहन गंभीर।

कादरचौक में खूनी संघर्ष: नशे में धुत मामा ने भांजे की गोली मारकर की हत्या, बहन गंभीर।

कादरचौक (बदायूं)। बुधवार देर रात कादरचौक थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव में शराब के नशे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नशे की हालत में हुए विवाद के बाद एक मामा ने अपने ही भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची बहन को भी आरोपी ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद, बदला खूनी रूप में

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगतपुर निवासी संतोषी का अपने पति से अलगाव के बाद अपने मायके में ही निवास था। उन्होंने भाई वीर सिंह के सहयोग से जमीन खरीदी थी, जिस पर उनका बेटा आकाश खेती करता था। बुधवार रात करीब 10 बजे वीर सिंह और आकाश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। शुरुआत में घर के अन्य सदस्यों ने इसे मामूली झगड़ा मानकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

झगड़े के दौरान जब आकाश लाठी लेकर आगे बढ़ा, तो आक्रोशित वीर सिंह ने कमरे में रखा तमंचा निकाल लिया और आकाश के पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही आकाश जमीन पर गिर पड़ा और घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया।

बेटे की चीख और गोली की आवाज सुनकर उसकी मां संतोषी उसे बचाने के लिए दौड़ीं। उन्होंने घायल बेटे को उठाने का प्रयास किया, तो आरोपी वीर सिंह ने उन पर भी फायर झोंक दिया। गोली लगने से संतोषी गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर दौड़े परिजनों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल संतोषी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, मृतका के परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मामले में सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी। कादरचौक पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। क्षेत्र में इस घटना के बाद से शोक और दहशत का माहौल है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!