Breaking News

बिल्सी: बैंक खाता बेचना पड़ा भारी, ऑनलाइन ठगी के जाल में फँसे युवक पर दर्ज हुआ मुकदमा।

बिल्सी: बैंक खाता बेचना पड़ा भारी, ऑनलाइन ठगी के जाल में फँसे युवक पर दर्ज हुआ मुकदमा।

बिल्सी, बदायूं। ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह के प्रलोभन में आकर अपना बैंक खाता सौंपने वाला एक युवक अब खुद बड़ी मुसीबत में फँस गया है। खाते का दुरुपयोग कर 4 राज्यों में साइबर फ्रॉड की घटनाओं को अंजाम दिया गया, जिसके बाद पुलिस ने खाताधारक और एक अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जनपदीय साइबर सेल की जांच में बैंक ऑफ बड़ौदा की एक शाखा में संचालित खाता संदिग्ध पाया गया। यह खाता बिल्सी के मोहल्ला-5 निवासी गौरव गौतम पुत्र कैलाश चंद्र के नाम पर पंजीकृत है। जांच में सामने आया कि इस खाते के माध्यम से 37,500 रुपये का संदिग्ध लेन-देन किया गया है। समन्वय पोर्टल की पड़ताल में पता चला कि इस खाते के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर कुल 5 शिकायतें दर्ज हैं। इनमें हापुड़, हैदराबाद, नागपुर, तमिलनाडु और तेलंगाना में हुई ऑनलाइन ठगी की घटनाएं शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपी गौरव ने बताया कि वह नोएडा में ऑटो चलाता था। वहां उसकी मुलाकात रवि नाम के एक व्यक्ति से हुई थी। आरोप है कि रवि ने उसके बैंक खाते में एक लाख रुपये डलवाने और बदले में उसे पांच हजार रुपये का कमीशन देने का लालच दिया था। गौरव के झांसे में आने के बाद रवि ने उससे बैंक पासबुक और खाते से जुड़ी अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद रवि लगातार इस खाते का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाता रहा और गौरव को उसका हिस्सा देता रहा।

इस मामले में बिल्सी कोतवाली पुलिस ने गौरव गौतम और रवि के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह द्वारा की जा रही है। इस संबंध में बिल्सी एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि साइबर सेल से मिली रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने आमजन को भी आगाह किया कि अपना बैंक खाता या किसी भी प्रकार की गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें, अन्यथा वे भी बड़ी कानूनी मुसीबत में फँस सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!