Breaking News

लखीमपुर खीरी: खाद की कालाबाजारी और डीजल संकट पर सड़कों पर उतरे किसान, कलेक्ट्रेट का किया घेराव।

लखीमपुर खीरी: खाद की कालाबाजारी और डीजल संकट पर सड़कों पर उतरे किसान, कलेक्ट्रेट का किया घेराव।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी। जनपद में खाद की किल्लत, कथित कालाबाजारी और डीजल आपूर्ति में आ रही बाधाओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को बड़ी संख्या में किसान जिलाध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रशासनिक उपेक्षा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशी ने आरोप लगाया कि प्रशासन कागजों पर तो खाद की प्रचुर उपलब्धता के दावे कर रहा है, लेकिन हकीकत में किसान दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को निर्धारित दरों पर खाद नहीं मिल रही है, जिसके चलते फसलों की बुवाई पिछड़ रही है। कालाबाजारी करने वाले तत्वों पर कार्रवाई न होने से किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

किसानों ने पेट्रोल पंपों पर कैन और गैलन में डीजल देने पर लगी रोक का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में किसान अपने कृषि यंत्रों और डीजल चालित पंपों के लिए सीधे वाहन नहीं ले जा सकते, ऐसे में कैन में डीजल देना उनकी मजबूरी है। पंप संचालकों द्वारा डीजल देने से मना किए जाने के कारण खेती-बाड़ी के काम ठप पड़ गए हैं।

प्रदर्शनकारी किसानों ने प्रशासन से तीखे सवाल करते हुए पूछा कि यदि खाद की कमी नहीं है, तो कालाबाजारी क्यों हो रही है? साथ ही, डीजल आपूर्ति को लेकर स्पष्ट नीति की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!