Breaking News

गंजडुंडवारा: महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा व स्वच्छता पर जागरूकता शिविर आयोजित, स्वास्थ्य योजनाओं की दी जानकारी।

गंजडुंडवारा: महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा व स्वच्छता पर जागरूकता शिविर आयोजित, स्वास्थ्य योजनाओं की दी जानकारी।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा। सहावर रोड स्थित न्यू मेट्री हॉस्पिटल के सबीना कॉम्प्लेक्स में सूर्योदय फाउंडेशन, प्रयागराज के तत्वावधान में महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा एवं स्वच्छता पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल और फाउंडेशन द्वारा संचालित महिला स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के लाभों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के चीफ परियोजना अधिकारी दुष्यन्त कुमार अवस्थी ने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि समय पर जांच और उचित देखभाल के माध्यम से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है, इसलिए व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना अनिवार्य है।

मंडल परियोजना अधिकारी अर्चना चौधरी ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए उच्च गुणवत्ता वाले सैनिटरी पैड के उपयोग की सलाह दी। उन्होंने संक्रमण से बचाव के लिए हर छह घंटे में पैड बदलने की प्रक्रिया को स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

शिविर में महिला स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत जारी किए जा रहे ‘फैमिली हेल्थ केयर कार्ड’ की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि 12 महीने तक वैध रहने वाला यह कार्ड चयनित अस्पतालों और क्लीनिकों पर ओपीडी, दवाइयों, पैथोलॉजी जांच, अल्ट्रासाउंड एवं फिजियोथेरेपी जैसी सुविधाओं पर 15 से 40 प्रतिशत तक की छूट प्रदान करेगा। योजना के अंतर्गत कार्डधारक महिलाओं को 30 उच्च गुणवत्ता वाले अल्ट्रा सैनिटरी पैड भी निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त, प्रसव सेवाओं, बच्चेदानी की गांठ, हड्डी रोग, पथरी, हर्निया, अपेंडिक्स, पित्त की थैली, किडनी, थायराइड और दंत चिकित्सा जैसी स्वास्थ्य सेवाओं में भी विशेष रियायत देने की घोषणा की गई। शिविर में अस्पताल के चिकित्सकों ने स्त्री रोगों, सिजेरियन प्रसव और अन्य गंभीर बीमारियों के आधुनिक उपचार के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

इस अवसर पर डा. अमन त्यागी, डा. अमन सक्सेना, डा. तारिक अली, डा. अंजना और जितेन्द्र राजपूत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। फाउंडेशन ने भविष्य में भी समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी। …

error: Content is protected !!