Breaking News

सहसवान: सुल्तानपुर के पास दो बाइकों में भीषण भिड़ंत, बच्चों और महिला समेत छह घायल।

सहसवान: सुल्तानपुर के पास दो बाइकों में भीषण भिड़ंत, बच्चों और महिला समेत छह घायल।

सहसवान, बदायूं। कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव के पास शुक्रवार को दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में दोनों बाइकों पर सवार छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कासगंज जनपद के थाना इस्माइलपुर अंतर्गत ग्राम इस्माइलपुर निवासी राहुल यादव (28) अपनी पत्नी सोनम (26), दो बेटियों सोनाक्षी (6) व मिष्टी (4) और पुत्र भानु (2) के साथ बाइक से बिसौली की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान उघैती थाना क्षेत्र के गांव टेहरा निवासी प्रदीप यादव (20) अपनी बहन आरती यादव (18) के साथ खितौरा से दवाई लेकर वापस लौट रहे थे। सुल्तानपुर गांव के पास पहुँचते ही दोनों बाइकों में सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।

इस दुर्घटना में राहुल यादव, उनकी पत्नी सोनम और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, वहीं दूसरी बाइक पर सवार भाई-बहन प्रदीप और आरती को भी गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में चिकित्सकों ने सोनम की हालत को चिंताजनक बताते हुए उन्हें विशेष निगरानी में रखा है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने पुलिस को हादसे की सूचना दी।

सहसवान कोतवाल धनंजय सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मामले में जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!