Breaking News

शाहजहाँपुर: 2.24 लाख का संदिग्ध राइस ब्रान ऑयल सीज, तीन कोल्हू से सरसों तेल के नमूने लिए।

शाहजहाँपुर: 2.24 लाख का संदिग्ध राइस ब्रान ऑयल सीज, तीन कोल्हू से सरसों तेल के नमूने लिए।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के कड़े निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कलान क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस छापेमारी के दौरान टीम ने 2 लाख 24 हजार 852 रुपये की अनुमानित कीमत का संदिग्ध राइस ब्रान ऑयल सीज किया है और क्षेत्र के विभिन्न कोल्हू से सरसों के तेल के नमूने भी संग्रहित किए हैं।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II एवं अभिहित अधिकारी चंद्रशेखर मिश्र ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 10 मई की शाम को टीम ने एक पिकअप गाड़ी का पीछा करते हुए कलान क्षेत्र के रुकनापुर स्थित ‘जय शिव शक्ति ट्रेडर्स’ पर छापा मारा। जांच में पता चला कि यह फर्म फिरोजाबाद के रामगढ़ रोड स्थित M4U ट्रेडर्स (अनस अली) से सप्लाई के लिए राइस ब्रान ऑयल लेकर जा रही थी। मौके पर पिकअप में लदे 35 ड्रमों के भीतर लगभग 1680 लीटर राइस ब्रान ऑयल पाया गया। तेल की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर अधिकारियों ने तत्काल नमूना लिया और शेष बचे 1678 लीटर ऑयल को मौके पर ही सीज कर दिया। पकड़े गए तेल की कुल कीमत सवा दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। यह फर्म रुकनापुर निवासी अनस अली की है, जो मूल रूप से फिरोजाबाद का रहने वाला है।

इस बड़ी कार्रवाई के साथ-साथ खाद्य विभाग की टीम ने मिलावटखोरी के विरुद्ध अभियान चलाते हुए कलान क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की। टीम ने जनता रोड पर स्थित पप्पू के कोल्हू और परौर रोड पर आशीष के कोल्हू से सरसों के तेल के एक-एक नमूने संग्रहित किए। चंद्रशेखर मिश्र ने स्पष्ट किया कि सभी एकत्रित नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है और रिपोर्ट प्राप्त होने के आधार पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार, मानवेंद्र कुमार एवं अजीत सिंह मुख्य रूप से शामिल रहे। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के तेल कारोबारियों और मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!