Breaking News

बिसौली: सिसइयां में डॉ. अंबेडकर जन्मोत्सव की धूम, भव्य शोभायात्रा और गोष्ठी के जरिए दिया शिक्षा का संदेश।

बिसौली: सिसइयां में डॉ. अंबेडकर जन्मोत्सव की धूम, भव्य शोभायात्रा और गोष्ठी के जरिए दिया शिक्षा का संदेश।

आई एम खान 

बिसौली (बदायूँ)। बुद्ध अंबेडकर जन्मोत्सव सेवा समिति सिसइयां के तत्वावधान में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्मोत्सव दो दिवसीय भव्य समारोह के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब के जीवन दर्शन पर आधारित आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई और गोष्ठी के माध्यम से समाज को नशा मुक्ति व शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

समारोह का शुभारंभ भंते विमल बोधी द्वारा बुद्ध वंदना के साथ किया गया। इसके उपरांत कारगिल शहीद हरिओम सिंह के पुत्र कुंवर शिवम प्रताप सिंह ने पंचशील की झंडी दिखाकर भव्य शोभायात्रा को रवाना किया। इस यात्रा में बुद्ध, अंबेडकर और अन्य बहुजन महापुरुषों के संघर्षमयी जीवन को दर्शाती दर्जनों मनमोहक झांकियां शामिल रहीं, जो आकर्षण का केंद्र बनीं।

शोभायात्रा का समापन अंबेडकर पार्क में हुआ, जिसके बाद रात्रि में बाबा साहेब के जीवन पर आधारित शानदार नाट्य मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसी क्रम में सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर लल्लू सिंह ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बसपा के मंडल कोऑर्डिनेटर आरपी त्यागी ने कहा कि बहुजन महापुरुषों के क्रांतिकारी संघर्ष से ही समाज में चेतना आई है और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सपनों का भारत बनाया जा सकता है। पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. क्रांति कुमार ने शोषित समाज के उत्थान के लिए महापुरुषों के कारवां को गति देने पर जोर दिया। वहीं मंडल कोऑर्डिनेटर जयपाल सिंह ने अभिभावकों से बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने की अपील की।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रक्षपाल सिंह निमेष, डॉ. गुच्छन इरफान, चिरंजी लाल एडवोकेट और महिपाल सिंह टंडन सहित कई वक्ताओं ने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष डॉ. हेमसिंह और संचालन इंजीनियर हर्षवर्धन ने किया। इस दौरान ग्राम प्रधान आनंद भारती, सत्यपाल सिंह, सुनील बाबू और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी। …

error: Content is protected !!