Breaking News

मुगलसराय रोड चौड़ीकरण: सपा प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, व्यापारियों के लिए मुआवजे और पुनर्वास की मांग।

मुगलसराय रोड चौड़ीकरण: सपा प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, व्यापारियों के लिए मुआवजे और पुनर्वास की मांग।

चन्दौली (संवाददाता: शैलेश सिंह)। मुगलसराय बाजार में सड़क चौड़ीकरण अभियान के कारण प्रभावित हो रहे व्यापारियों की समस्याओं को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। सपा नेताओं ने रोड चौड़ीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई दुकानों और व्यापारियों के उजड़ते कारोबार पर गहरी चिंता व्यक्त की। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि जिन व्यापारियों की दुकानें आंशिक या पूर्ण रूप से ध्वस्त की गई हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही, प्रभावित दुकानदारों को प्राथमिकता के आधार पर निर्माणाधीन सरकारी कॉम्प्लेक्स में दुकानें आवंटित कर उनके पुनर्वास की तत्काल व्यवस्था की जाए।

इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से व्यापारियों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए संकल्पित रही है और उनके अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव ने कड़े शब्दों में कहा कि विकास के नाम पर व्यापारियों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसी भी दुकान को हटाने से पहले उनके वैकल्पिक रोजगार और मुआवजे की स्पष्ट नीति घोषित की जानी चाहिए।

सपा नेता चंद्रशेखर यादव ने इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई एलिवेटेड पुल निर्माण की घोषणा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घोषणा के बावजूद धरातल पर कोई ठोस कार्य न दिखना सरकार की मंशा पर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने इसे महज चुनावी वादा करार देते हुए एलिवेटेड पुल परियोजना को जल्द शुरू करने की मांग की।

समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल ‘मोनू’ और सपा नेता सिद्धांत जायसवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रशासन की असंवेदनशीलता के कारण आज व्यापारियों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांग की कि जब तक स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न न किया जाए। प्रतिनिधिमंडल में नफीस अहमद, तस्लीम अंसारी, सुदामा यादव, मुसाफिर चौहान, चंद्रभानु यादव और छोटू तिवारी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यापारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया गया, तो पार्टी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!