Breaking News

सहसवान: ‘शिक्षा मेरा हक जनकल्याण ट्रस्ट’ ने जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान, बांटी स्टेशनरी किट।

सहसवान: ‘शिक्षा मेरा हक जनकल्याण ट्रस्ट’ ने जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान, बांटी स्टेशनरी किट।

सहसवान, बदायूँ। क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से ‘शिक्षा मेरा हक जनकल्याण ट्रस्ट’ ने एक सराहनीय कदम उठाया है। मंगलवार को सहसवान खंड शिक्षा अधिकारी श्री मनोज राम के कुशल निर्देशन में क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निशुल्क स्टेशनरी किट का वितरण किया गया। इस विशेष अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय समसपुर बल्लू, उच्च प्राथमिक विद्यालय मुरसान, संविलियन विद्यालय कोल्हाई और प्राथमिक विद्यालय मुरसान के बच्चों को शैक्षिक सामग्री भेंट की गई। किट में कॉपी, किताब, पेन, पेंसिल, इरेज़र, शार्पनर और कलर सेट जैसे आवश्यक सामान शामिल थे, जिन्हें पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

इस अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय समसपुर बल्लू के प्रधानाचार्य श्री राजन यादव, उ०प्र० विद्यालय मुडसान के प्रधानाचार्य श्री परवेज़ खान और संविलियन विद्यालय कोल्हाई के प्रधानाचार्य श्री जमील अहमद मुख्य रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने ट्रस्ट की इस मानवीय पहल का खुले मन से स्वागत किया और कहा कि समाज के वंचित वर्ग के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए इस तरह के प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक और दूरगामी बदलाव लाते हैं। इससे न केवल बच्चों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि वे अपनी पढ़ाई को लेकर और अधिक उत्साहित होते हैं।

ट्रस्ट के संस्थापक आदिल खान ने कार्यक्रम के दौरान अपने विचार साझा करते हुए कहा कि उनकी संस्था का मुख्य ध्येय यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में अपनी पढ़ाई न छोड़े। उन्होंने बताया कि यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को प्रोत्साहित करने और उनकी बुनियादी शैक्षिक जरूरतों को पूरा करने के लिए शुरू की गई है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी इसी तरह के जनकल्याणकारी कार्यों को जारी रखने का संकल्प दोहराया ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक मदद पहुँच सके। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारी विमल राठौर, फ़राज़ और सदफ आदि का विशेष सहयोग रहा।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!