Breaking News

कासगंज में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में युवक की मौत, तीन घायल।

कासगंज में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में युवक की मौत, तीन घायल।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। जनपद के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिकंदरपुर वैश्य के पास सोमवार की रात एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना घटित हुई। यहाँ दो बाइकों के बीच हुई सीधी और जोरदार भिड़ंत में 20 वर्षीय युवक रजित की जान चली गई, जबकि उसकी चचेरी बहन पिंकी सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम लखापुर निवासी रजित पुत्र श्याम सिंह अपनी 18 वर्षीय चचेरी बहन पिंकी को कादरगंज से दवा दिलाकर वापस अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक सिकंदरपुर वैश्य गांव के समीप पहुँची, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलने पर तत्काल डायल 112 पुलिस मौके पर पहुँची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायल युवती पिंकी को तुरंत पटियाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं गंभीर रूप से घायल रजित के लिए मौके पर एंबुलेंस न मिल पाने के कारण परिजन उसे जैसे-तैसे बाइक पर बैठाकर ही गंजडुंडवारा के स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

इस मामले में कादरगंज चौकी प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में कुल चार लोग घायल हुए थे, जिनमें रजित की मौत हो गई है और पिंकी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस को किसी भी पक्ष से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

फाइल फोटो 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!