Breaking News

उद्यमियों से वसूली और ब्लैकमेलिंग पर सख्ती, दोषियों को भेजा जाएगा जेल: डीएम।

उद्यमियों से वसूली और ब्लैकमेलिंग पर सख्ती, दोषियों को भेजा जाएगा जेल: डीएम।

मुबारक अली, संवाददाता 

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों ने अपनी समस्याएं रखते हुए कुछ लोगों द्वारा औद्योगिक इकाइयों पर पहुंचकर ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने की शिकायत की।

इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि ऐसे तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रहा है और किसी भी प्रकार की गुंडई या अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उद्यमियों से पैसे मांगने या दबाव बनाने वाले लोगों को तत्काल चिन्हित कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र रोजा में जल निकासी की समस्या भी उठाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने बताया कि नाला निर्माण का कार्य स्वीकृत हो चुका है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को नालों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा ददरौल क्षेत्र के ग्राम जमौर गोटिया में खराब सड़क की समस्या पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। साथ ही सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण के लिए जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को निर्देशित किया गया।

उद्यमियों ने विद्युत विभाग से संबंधित समस्याएं भी उठाईं, जिस पर जिलाधिकारी ने गलत बिजली बिलों को ठीक कराने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक में उठाई गई सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी। …

error: Content is protected !!