Breaking News

राइस मिल में लगातार लग रही रहस्यमयी आग से हड़कंप, लाखों का नुकसान।

राइस मिल में लगातार लग रही रहस्यमयी आग से हड़कंप, लाखों का नुकसान।

अमित कुमार ओझा, संवाददाता

चंदौली।

जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के मनियारपुर गांव में स्थित एक राइस मिल में बीते एक सप्ताह से हो रही रहस्यमयी आगजनी की घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है। बार-बार लग रही आग से जहां भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, वहीं स्थानीय लोगों में भय और अनिश्चितता का माहौल बन गया है।

मनियारपुर गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित हरिध्यान यादव की राइस मिल में इस वर्ष धान की बड़े पैमाने पर खरीद कर भंडारण किया गया था। मिल संचालक के अनुसार पिछले पांच से छह दिनों से मिल परिसर में अचानक आग लग जा रही है, जबकि इसके पीछे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

बुधवार को एक बार फिर मिल से उठती तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर भारी मात्रा में धान, तैयार चावल, हजारों खाली बोरे और मिल की कीमती मशीनरी जलकर खाक हो गई।

मिल संचालक हरिध्यान यादव का कहना है कि अब तक करीब 10 से 15 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग बुझने के बाद भी यह सवाल बना हुआ है कि आखिर बार-बार आग लगने की वजह क्या है।

लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। कोई इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देख रहा है तो कोई शरारती तत्वों की करतूत होने की संभावना जता रहा है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारण का पता चल सके और मिल संचालक को राहत मिल सके।

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!