Breaking News

बहेड़ी में पुलिस की मुठभेड़, गौकशी गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार, दो घायल।

बहेड़ी में पुलिस की मुठभेड़, गौकशी गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार, दो घायल।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। जनपद में सक्रिय गौकशी गिरोह के खिलाफ बहेड़ी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान हुई फायरिंग में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से जख्मी हो गया।

पुलिस के अनुसार, श्यामाचरण गोटिया क्षेत्र के जंगल में किच्छा नदी किनारे गौवंशीय पशु के वध की सूचना मिलने पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

शुक्रवार तड़के करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य उत्तमनगर रोड की ओर वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया।

इसी दौरान एक नीले-सफेद रंग का संदिग्ध टेंपो वहां से गुजरता दिखाई दिया। पुलिस के रुकने के संकेत को नजरअंदाज कर चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने करीब 400 मीटर तक पीछा किया, जिसके बाद टेंपो फंस गया।

खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल सरजीत सिंह घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। मौके से अन्य दो आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजान निवासी इस्लामनगर, लईक निवासी जाफरपुर (दोनों घायल), सद्दाम निवासी राजा नगर और रवि निवासी श्यामाचरण गोटिया के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, पशु वध में प्रयुक्त उपकरण, 10 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक टेंपो वाहन बरामद किया है।

घायल पुलिसकर्मी और आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच जारी है। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर ऐसी आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की रणनीति बनाई जा रही है।

बाइट- अरूण कुमार सिंह, सीओ बहेड़ी।

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!