Breaking News

बबुरी कस्बे में दिनदहाड़े बाइक चोरी, गश्त व्यवस्था पर उठे सवाल।

बबुरी कस्बे में दिनदहाड़े बाइक चोरी, गश्त व्यवस्था पर उठे सवाल।

संवाददाता: शैलेश सिंह

चंदौली (बबुरी)। कस्बे में गुरुवार की शाम हुई बाइक चोरी की घटना ने एक बार फिर पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्राथमिक विद्यालय और बैंक शाखा जैसे संवेदनशील स्थानों के समीप दिनदहाड़े लूना बाइक चोरी हो जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार बंशीपुर निवासी रामजी मौर्या की प्राथमिक विद्यालय के पास सब्जी की दुकान है। गुरुवार की शाम वह अपनी लूना बाइक दुकान के सामने खड़ी कर बिक्री में व्यस्त थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक बाइक के आसपास संदिग्ध रूप से मंडराता रहा। मौका मिलते ही उसने बाइक का लॉक तोड़ा और उसे पैदल ही कुछ दूरी तक ले जाकर फरार हो गया।

घटना स्थल से थोड़ी ही दूरी पर बैंक शाखा स्थित है, जहां दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रहती है। साथ ही विद्यालय होने के कारण भी क्षेत्र में भीड़ रहती है। ऐसे में चोर का बेखौफ अंदाज लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर रहा है कि गश्त व्यवस्था कितनी प्रभावी है।

बाइक गायब होने की जानकारी मिलते ही रामजी मौर्या ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक युवक बाइक ले जाते दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में लगातार छोटी-बड़ी चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त का असर दिखाई नहीं देता। लोगों ने मांग की है कि बाजार क्षेत्र में नियमित और सख्त गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके।

 

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!